नई दिल्ली: देशभर में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में आज से गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिसके चलते येलो अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है.
आईएमडी के मुताबिक 24 अप्रैल तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. राजधानी में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी.
सिर्फ दिन ही नहीं, रात में भी राहत मिलने की उम्मीद कम है. दिल्ली का न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जिससे रातें भी गर्म महसूस होंगी.
मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा से शुरू हुई लू की लहर अब दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश तक पहुंच गई है. अगले तीन दिनों में इसका असर और बढ़ते हुए मध्य भारत के कई हिस्सों तक फैल सकता है. इसके अलावा विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है.
आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. गर्म रातें लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं. जब रात में तापमान ज्यादा रहता है, तो शरीर को दिनभर की गर्मी से राहत नहीं मिलती.
इससे हीटस्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. बुजुर्ग, छोटे बच्चे, बाहर काम करने वाले मजदूर और पहले से बीमार लोग ज्यादा सावधानी बरतें. दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें.
मौसम विभाग के अप्रैल से जून तक के पूर्वानुमान में पहले ही कहा गया था कि इस बार कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा लू चलेगी. अब मौजूदा हालात देखकर माना जा रहा है कि मई में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है. मई को भारत में सबसे गर्म महीनों में गिना जाता है, इसलिए आने वाले हफ्तों में तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है.