नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में घने कोहरे ने सड़क पर खतरनाक स्थिति पैदा कर दी. ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर आधा दर्जन से अधिक वाहन एक-दूसरे से टकरा गए, जिससे कई लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. यह हादसा बंबावड़ बादलपुर थाना क्षेत्र में हुआ.
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कई कार और ट्रक आपस में टकराए हुए हैं, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद होकर वाहनों को हटाने और यातायात सुचारू करने की कोशिश कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, घने कोहरे के चलते ड्राइवरों को सड़क पर देखने में दिक्कत हो रही थी. इसी वजह से आधा दर्जन से अधिक वाहन एक के बाद एक टकरा गए. हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.
हादसे में घायल एक ड्राइवर ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि मुझे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. इसी कारण मेरी गाड़ी आगे खड़ी एक वाहन से टकरा गई. इसके बाद कई अन्य वाहनों ने पीछे से मेरी गाड़ी में टक्कर मार दी.
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे की संभावना जताई है. पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम हो सकती है. पूर्वी दिशा से आने वाली हवा की रफ्तार कम होने के कारण कोहरे का असर और बढ़ेगा.
दिल्ली NCR में न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बदलाव नहीं है, लेकिन पिछले 24 घंटों में पारा एक डिग्री गिरा है. मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में शुक्रवार को तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है. वहीं, पंजाब के अन्य शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा- अमृतसर 5.9°C, लुधियाना 6.4°C, पटियाला 6.9°C, पठानकोट 6.6°C और बठिंडा 6°C.
First Updated : Saturday, 13 December 2025