दिल्ली-NCR में आग उगल रही गर्मी! 45°C तक पहुंचेगा पारा, 25 मई तक IMD का ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.

नई दिल्ली: राजधानी और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण लू चलने की आशंका जताते हुए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.
बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान कितना?
दिल्ली में इस समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर साफ दिखाई दे रहा है. बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक पूरे सप्ताह दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. दिनभर आसमान साफ रहेगा, जिससे धूप और अधिक तीखी महसूस होगी.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है.
आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, भदोही, एटा, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हाथरस, कानपुर नगर, मैनपुरी, मथुरा और मिर्जापुर में लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना है. इन जिलों में दिन के समय बाहर निकलना लोगों के लिए परेशानी भरा हो सकता है.
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार गर्मी और लू का असर खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की सेहत पर पड़ सकता है. ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि मौसम की स्थिति सामान्य जीवन और स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने को कहा गया है. शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पीने की सलाह दी गई है. साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकने की भी सलाह दी गई है.
डॉक्टरों का क्या कहना है?
डॉक्टरों का कहना है कि लू लगने के लक्षण जैसे चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द या उल्टी महसूस होने पर तुरंत छांव में जाकर आराम करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है.


