नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हुए दिल दहला देने वाले होटल अग्निकांड मामले में दिल्ली पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस हिरासत में मौजूद होटल के सह-मालिक लवकेश बजाज ने पूछताछ के दौरान अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए सारा ठीकरा एक अन्य व्यक्ति पर फोड़ दिया है.
बजाज ने पुलिस को क्या बताया
बजाज ने पुलिस को बताया कि वह होटल के प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सीधे तौर पर नहीं संभाल रहे थे. इस मामले में पुलिस अब कड़ियों को जोड़ने में जुटी है ताकि इस दर्दनाक त्रासदी के पीछे छिपे असली गुनहगारों और प्रशासनिक लापरवाही को बेनकाब किया जा सके.
मैनेजमेंट का चौंकाने वाला सच
दिल्ली पुलिस की कड़ी पूछताछ में लवकेश बजाज ने कबूला कि होटल का रोज़मर्रा का कामकाज, बिलिंग, अकाउंट्स और पूरी व्यवस्था उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति को सौंप रखी थी.
बजाज ने होटल को लेकर क्या दावा किया
बजाज का दावा है कि होटल के कमरों का आकार बढ़ाने और उसमें अन्य स्ट्रक्चरल बदलाव करने का सुझाव भी उसी व्यक्ति ने दिया था. बजाज ने इस पर आपत्ति जताई. आरोपी ने उन्हें यह कहकर आश्वस्त कर दिया था कि दिल्ली में यह सब धड़ल्ले से चलता रहता है और कोई देखने वाला नहीं है. सबसे गंभीर बात यह है कि सह-मालिक ने यह स्वीकार कर लिया है कि होटल के पास अनिवार्य फायर एनओसी तक नहीं था.
बंद खिड़कियां बनीं काल
इस भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और कुल 21 बेकसूर लोगों की जान ले ली. मृतकों में 12 विदेशी नागरिक और 9 भारतीय शामिल हैं. शुरुआती जांच के मुताबिक आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर सीढ़ियों के पास रखे कबाड़ और सामान में लगी थी.
आग को भड़काने का काम किसने किया
पूरे होटल की खिड़कियां और वेंटिलेशन पूरी तरह बंद होने के कारण धुआ अंदर ही भर गया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान होटल के अंदर से अवैध रूप से रखे एलपीजी सिलेंडर भी बरामद हुए हैं। जिन्होंने आग को भड़काने का काम किया.
अदालत में पेशी और जांच का दायरा बढ़ा
इस भीषण हादसे के बाद कुल 49 लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जिनमें से 8 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि बाकी घायलों का इलाज अभी भी चल रहा है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग और अन्य संबंधित नागरिक एजेंसियों से होटल के स्वीकृत नक्शे और बिजली लोड का रिकॉर्ड तलब किया है.
बेनामी संपत्तियों की जांच शुरू
इसके अलावा लवकेश बजाज की अन्य बेनामी संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी गई है. गिरफ्तार आरोपी लवकेश बजाज को गुरुवार को दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा. जहां पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए उसकी रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी. First Updated : Thursday, 04 June 2026