जंतर-मंतर पर भारी प्रदर्शन, DMRC ने राजीव चौक और ITO समेत बंद किए 16 स्टेशन
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुबह 7:30 बजे से लुटियंस और मध्य दिल्ली क्षेत्र के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा जंतर-मंतर पर दिए जा रहे धरने और संसद मार्च के आह्वान के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की सिफारिश पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुबह 7:30 बजे से लुटियंस और मध्य दिल्ली क्षेत्र के 16 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है. हालांकि, यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय जैसे प्रमुख जंक्शनों पर इंटरचेंज की सुविधा सुचारू रूप से चालू रखी गई है.
प्रभावित मेट्रो स्टेशनों की सूची
DMRC के अनुसार, जिन स्टेशनों के गेट बंद किए गए हैं उनमें राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, लोक कल्याण मार्ग, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं.
Service Update
Below mentioned Metro stations will be closed from 07:30 AM till further instructions. However, Interchange facility shall remain available at Rajiv Chowk, Mandi House and Central Secretariat.
1. Lok Kalyan Marg
2. Rajiv Chowk
3. Patel Chowk
4. Ramakrishna…— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) July 23, 2026
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
अचानक स्टेशनों के कपाट बंद होने और ट्रेनों के प्रभावित स्टेशनों पर न रुकने के कारण लगातार दूसरे दिन हज़ारों दफ़्तर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह के पीक आवर्स में यात्री घंटों फंसे रहे। ऑटो-टैक्सी स्टैंड और बस स्टॉप पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे मध्य दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई.
DMRC का बयान
सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के तहत 16 मेट्रो स्टेशनों पर सेवाएं अस्थाई रूप से निलंबित की गई हैं. यात्री असुविधा से बचने के लिए यात्रा से पहले आधिकारिक चैनलों के माध्यम से अपडेट अवश्य जांच लें.
विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना
मेट्रो स्टेशनों की इस व्यापक बंदी पर विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है. विपक्ष का आरोप है कि सरकार प्रदर्शनकारियों और युवाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुलझाने के बजाय सार्वजनिक परिवहन को ठप कर जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर रही है. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा समीक्षा के बाद ही इन स्टेशनों को दोबारा खोलने की अनुमति दी जाएगी। तब तक मध्य दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग या वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा.


