दिल्ली के शास्त्री पार्क फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग, लगभग 300 दुकानें जलकर राख
दिल्ली के शास्त्री पार्क में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से तबाही मच गई. फर्नीचर बाजार में 300 से ज्यादा दुकानें जलकर खाख हो गई. वहीं 25 से 30 दमकल गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

नई दिल्ली: दिल्ली के शास्त्री पार्क स्थित फर्नीचर बाजार में शुक्रवार रात ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. देखते ही देखते बाजार की सैकड़ों दुकानें आग की लपटों में घिर गईं और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया. आग इतनी भयानक थी कि दूर-दूर तक लपटें दिखाई दे रही थीं. बाजार में रखी लकड़ी, प्लाईवुड और फर्नीचर के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है.
कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. आग इतनी तेजी से फैली कि बाजार में मौजूद लोग अपनी दुकानें और सामान बचाने का मौका तक नहीं पा सके. कई दुकानदार रात में मौके पर पहुंचे और अपनी आंखों के सामने लाखों रुपये का सामान जलते हुए देखते रहे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की ऊंची लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं. पूरे इलाके में धुएं का घना बादल छा गया था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई.
करीब 300 दुकानें जलकर राख
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में लगभग 300 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. बाजार में बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाईवुड और फर्नीचर रखा हुआ था, जिसने आग को और ज्यादा खतरनाक बना दिया. अधिकारियों का कहना है कि आग ने बहुत बड़े हिस्से को प्रभावित किया है और नुकसान का सही आंकड़ा जांच के बाद ही सामने आएगा.
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी डीबी मुखर्जी ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा को रात 11:57 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. शुरुआत में सामान्य स्तर की प्रतिक्रिया दी गई, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसे बड़ी आग घोषित किया गया. उन्होंने बताया कि बाजार में अत्यधिक ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. आग बुझाने के लिए करीब 25 से 30 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
दमकल की गाड़ियों पर पथराव का आरोप
घटना के दौरान हालात उस समय और बिगड़ गए जब कुछ स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की गाड़ियों पर कथित तौर पर पथराव कर दिया. बताया जा रहा है कि शुरुआती दौर में मौके पर कम दमकल गाड़ियां पहुंचने से लोग नाराज हो गए थे. इसी गुस्से में कुछ लोगों ने वाहनों पर पत्थर फेंके. हालांकि बाद में स्थिति को संभाल लिया गया और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी.
जांच में जुटी पुलिस और एफएसएल टीम
शास्त्री पार्क का यह बाजार काफी घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है. यहां फर्नीचर और लकड़ी का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है. तंग गलियां और ज्वलनशील सामग्री के कारण दमकल कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. दमकलकर्मी लगातार आग को फैलने से रोकने में जुटे रहे ताकि आसपास के इलाकों तक आग न पहुंचे.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसके अलावा फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और इलाके का निरीक्षण किया. टीम यह जानने की कोशिश कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट, लापरवाही या किसी अन्य कारण से लगी.


