दिल्ली की वाल्मीकि बस्ती आग की चपेट में, दूर-दूर तक दिखीं धुएं की लपटें

दिल्ली में तकिया काले खां इलाके में बड़ी आग लग गई. मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे वाल्मीकि बस्ती की कुछ झुग्गियां भीषण आग की चपेट में आ गई.

calender

नई दिल्ली: 

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आग की भयावह घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया. देर रात तकिया काले खान इलाके में स्थित बाल्मीकि बस्ती की झुग्गियों में अचानक भीषण आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और बड़ी संख्या में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.

कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है. हालांकि आग ने झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी में डाल दिया.

दमकल विभाग ने तुरंत संभाला मोर्चा

फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के अनुसार आग लगने की सूचना रात 11 बजकर 22 मिनट पर मिली थी. शुरुआती जानकारी मिलते ही दमकल की टीम मौके के लिए रवाना हुई. आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर कुल 24 कर दी गई. लगातार प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोका गया और आखिरकार उस पर काबू पा लिया गया.

चश्मदीदों ने क्या कहा

घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद फैजान ने बताया कि रात करीब पौने 11 बजे वे अपने साथियों के साथ बैठे हुए थे. तभी उन्हें अचानक आग की ऊंची लपटें दिखाई दीं. जब वे मौके की ओर दौड़कर पहुंचे तो देखा कि आग तेजी से फैल रही थी. उन्होंने बताया कि हालात ऐसे थे कि आग के पास जाना भी मुश्किल हो रहा था क्योंकि लपटें काफी दूर तक पहुंच रही थीं.

फैजान के अनुसार एक इमारत में करीब आठ लोग फंस गए थे. स्थानीय लोगों ने उन्हें एक वैकल्पिक भूमिगत रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला. लोगों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद सिलेंडरों में धमाके होने लगे, जिससे आग और ज्यादा भड़क गई. सूचना देने के कुछ मिनट बाद ही एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन तब तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी. First Updated : Tuesday, 23 June 2026