दिल्ली-NCR में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू, भीषण गर्मी से लोगों को मिली राहत
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और बारिश से मौसम सुहाना हो गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग ने 31 मई तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है और तापमान में 6-7 डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई है.

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली. तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली. दोपहर बाद से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट महसूस की जा रही थी. शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लंबे समय से परेशान लोग राहत महसूस करने लगे.
भारतीय मौसम विभाग ने क्या अनुमान जताया?
भारतीय मौसम विभाग ने 28 मई से 31 मई तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और बिहार के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. गुरुवार से ही इसका असर दिखना शुरू हो गया है.
दिल्ली और नोएडा में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम खराब होने की आशंका के बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है और उड़ानों की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है.
बीते कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में थे. कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया था, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था. दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी. ऐसे में बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को बड़ी राहत दी है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है. बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज होने की संभावना है. गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं शुक्रवार को यह घटकर लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
2 जून के बाद तापमान बढ़ने की संभावना
हालांकि मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी. 2 जून के बाद एक बार फिर तापमान बढ़ने की संभावना है और गर्मी का असर लौट सकता है. फिलहाल बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को तपती गर्मी से कुछ समय के लिए राहत जरूर पहुंचाई है.


