दिल्ली-नोएडा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, बारिश और धूल भरी आंधी की चेतावनी
आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी, भारी बारिश, बिजली और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है, जिसमें 80 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की आशंका है.

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट लेने के संकेत दिए हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली और नोएडा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि गुरुग्राम में मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है.
विभाग ने क्या चेतावनी दी?
विभाग ने चेतावनी दी है कि शाम के समय तेज आंधी, बिजली चमकने, भारी बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है. इसके साथ ही 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में आने वाला यह बदलाव हाल के दिनों की भीषण गर्मी के बाद राहत लेकर आ सकता है. पिछले कई दिनों से तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था. रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी और कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जो मई के लिए असामान्य माना जा रहा है. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी और लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था.
मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया और डॉ. प्रदीप ने धूल भरी आंधी को लेकर चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार इतनी तेज हो हो सकती है कि पेड़ उखड़ सकते हैं. बिजली के खंभे गिर सकते हैं और छतें उड़ सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान-हरियाणा सीमा के पास सक्रिय हो रही एक मजबूत मौसम प्रणाली इस बदलाव की वजह है. यह सिस्टम पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है और इसके असर से धूल भरी आंधी के बाद तेज बारिश हो सकती है. उपग्रह तस्वीरों में गंगानगर से लेकर नई दिल्ली और आगरा तक घने बादलों का फैलाव देखा गया है. मई के अंत में इस तरह के प्री-मानसून तूफान सामान्य माने जाते हैं, लेकिन इस बार लंबे समय तक चली भीषण गर्मी के कारण इसका असर ज्यादा महसूस किया जाएगा.
आईएमडी के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में सबसे ज्यादा प्रभाव शाम 7:30 बजे से रात 11 बजे के बीच देखने को मिल सकता है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ धूल उड़ने से दृश्यता कम हो सकती है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे घरों की खिड़कियां बंद रखें, खुले सामान सुरक्षित कर लें और अनावश्यक यात्रा से बचें.
हरियाणा में कब होगा तूफान का असर?
हरियाणा में तूफान का असर शाम से शुरू होकर रात तक बना रह सकता है, जबकि पंजाब और चंडीगढ़ में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भी शाम से देर रात तक मौसम बिगड़ सकता है.
हालांकि यह बदलाव गर्मी के पूरी तरह खत्म होने का संकेत नहीं है, लेकिन इससे लोगों को तपती गर्मी से कुछ समय के लिए राहत जरूर मिलेगी. तेज हवाएं और बारिश आने वाले दिनों में मौसम को कुछ हद तक सुहावना बना सकती हैं.


