AAP को बड़ा झटका: बीजेपी में एंट्री ले चुके 7 सांसदों को राज्यसभा सभापति से मिली मंजूरी

राज्यसभा चेयरमैन ने इन सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद राज्यसभा ने नया नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें बीजेपी सांसदों की लिस्ट में इन 7 नेताओं के नाम जुड़ गए हैं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा में बड़ा झटका लगा है। AAP के 7 सांसदों ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। राज्यसभा चेयरमैन ने इन सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद राज्यसभा ने नया नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें बीजेपी सांसदों की लिस्ट में इन 7 नेताओं के नाम जुड़ गए हैं।

राज्यसभा में बढ़ी भाजपा की ताकत 

आपको बताते चलें कि AAP के 7 सांसदों के बीजेपी में आने के बाद राज्यसभा में पार्टी के सांसदों की संख्या 113 हो गई है। इसमें राष्ट्रपति की तरफ से मनोनीत 5 सदस्य भी शामिल हैं। वहीं AAP को भारी नुकसान हुआ है। पार्टी के पास अब राज्यसभा में सिर्फ 3 सांसद बचे हैं। इनके नाम संजय सिंह, नारायण दास गुप्ता और संत बलबीर सिंह हैं।

किन सांसदों ने भाजपा को जॉइन किया था? 

भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने वाले AAP सांसदों में राघव चड्ढा, संदीप कुमार पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता शामिल हैं। बीते शुक्रवार (24 अप्रैल 2026) को राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने बीजेपी में जाने का ऐलान किया था। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने मिठाई खिलाकर इन सांसदों का स्वागत किया था।

संजय सिंह ने बताया गैर-कानूनी 

गौरतलब है कि सांसदों के दल-बदल पर AAP नेता संजय सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 7 सांसदों का AAP से अलग होना गैर कानूनी बताया था। संजय सिंह ने राघव चड्ढा समेत सभी 7 सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। हालांकि इसके बाद ऐसा कुछ होता नहीं है और अब सभी 7 सांसदों को राज्यसभा से भी मंजूरी मिल चुकी है।

उनका आरोप था कि बीजेपी ने नियमों के खिलाफ जाकर काम किया है। इसके बावजूद राज्यसभा चेयरमैन ने इन सांसदों को बीजेपी में शामिल होने की मंजूरी दे दी। इस फैसले से अरविंद केजरीवाल की पार्टी को संसद के ऊपरी सदन में बड़ा नुकसान हुआ है। अब AAP की राज्यसभा में आवाज काफी कमजोर हो गई है। वहीं बीजेपी की संख्या और मजबूत हो गई है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो