नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से चल रहा कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का प्रदर्शन भीड़ के मामले में ज्यादा असर नहीं दिखा पा रहा। लेकिन यहां यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की तादाद लगातार बढ़ रही है। इसी बीच एक शख्स का 15 सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसने अभिजीत दीपके के समर्थन में "पूरे दिल्ली-NCR में आग लगाने" की धमकी दी है। वीडियो के बाद लोग दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर घूम रहे इस सेल्फी वीडियो में एक शख्स अभिजीत दीपके के कंधे पर हाथ रखकर बोलता दिख रहा है। वह कहता है - "ग्रेटर नोएडा के मेरे जितने भी भाई देख रहे हैं ना... कोई दिक्कत हो तो फुल सपोर्ट है तन-मन-धन से। पूरे दिल्ली-NCR आग लगा देंगे अगर भाई पर बात आ गई तो।"
बात पूरी होने से पहले ही अभिजीत दीपके और उनके साथी वहां से हट जाते हैं। वीडियो में कुछ पलों के लिए दीपके भी नजर आते हैं। वीडियो बनाने वाले शख्स की पहचान अब तक साफ नहीं हो पाई है।
इस क्लिप के वायरल होते ही कई यूजर्स ने इसे दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि प्रदर्शन के नाम पर इस तरह की धमकी देना कानून व्यवस्था के लिए खतरा है।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं CJP के सदस्य लगातार कह रहे हैं कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक है। प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से भी कानून का पालन करने की अपील की जाती रही है।
पिछले 18 दिनों से लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक का अनशन भी चर्चा में है। इसके बाद से जंतर-मंतर पर मीडिया और कंटेंट क्रिएटर्स की भीड़ बढ़ गई है। कई यूट्यूबर्स अभिजीत दीपके का इंटरव्यू लेने पहुंच रहे हैं, तो कुछ वांगचुक से बात करना चाहते हैं। CJP के प्रवक्ता भी कैमरों से घिरे रहते हैं। कुछ फूड ब्लॉगर्स तो यहां बांटे जा रहे खाने पर ही वीडियो बना रहे हैं।
उनका मानना है कि जंतर-मंतर अभी ट्रेंड में है, इसलिए यहां का कंटेंट ज्यादा व्यूज ला सकता है। CJP का प्रदर्शन मूल मुद्दों को लेकर है, लेकिन वायरल वीडियो और धमकी वाले बयान की वजह से पूरा फोकस अब इसी क्लिप पर शिफ्ट हो गया है। पुलिस अब ये पता कर रही है कि वीडियो बनाने वाला कौन है और उसने ये बात किस मंशा से कही। First Updated : Wednesday, 15 July 2026