बंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं. बेंगलुरु में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के साथ राज्य में नई सरकार का औपचारिक गठन होगा, जिसमें उनके साथ कई मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जा सकती है.
नई सरकार के गठन के साथ ही उपमुख्यमंत्री पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं. राजनीतिक और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए राज्य में दो से तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है. इस दौड़ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है.
नई सरकार के स्वरूप को अंतिम रूप देने के लिए दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ कई दौर की बैठकें हुईं. इन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल के संभावित चेहरों और उसके स्वरूप पर सहमति बन गई है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित बैठक में डीके शिवकुमार और सिद्दरमैया ने भाग लिया. इस दौरान नई कैबिनेट में शामिल किए जाने वाले नेताओं के नामों पर चर्चा की गई.
खरगे के साथ हुई इस अहम बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद रहे.
बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्दरमैया को भरोसा दिलाया है कि उनके अहिंदा सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में उनके समर्थकों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाएगा.
बैठक के बाद सिद्दरमैया और डीके शिवकुमार ने केसी वेणुगोपाल तथा रणदीप सुरजेवाला के साथ अलग से भी चर्चा की. चूंकि कर्नाटक सरकार में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 34 मंत्री ही हो सकते हैं, इसलिए माना जा रहा है कि शुरुआती चरण में करीब 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं.
इसके बाद सरकार मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है और अन्य नेताओं को भी जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं.
बेंगलुरु में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा पार्टी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे. डीके शिवकुमार शाम 4:05 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 2028 के चुनाव और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए दलित, लिंगायत और अहिंदा समुदायों से एक-एक उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.
दलित समुदाय से वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर और प्रियांक खरगे का नाम डिप्टी सीएम पद की संभावित सूची में बताया जा रहा है. वहीं, सिद्दरमैया के बेटे यतींद्र को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. First Updated : Wednesday, 03 June 2026