AAP सांसद अशोक मित्तल के घर ED की छापेमारी, कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई

AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED ने छापेमारी की है. यह कार्रवाई पंजाब-हरियाणा के कई स्थानों पर एक साथ की गई, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह छापेमारी की. यह कार्रवाई पंजाब और हरियाणा के कई स्थानों पर एक साथ की गई, जिसमें गुरुग्राम समेत 8 से 9 लोकेशंस शामिल बताई जा रही हैं. जालंधर स्थित उनके आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची, जहां उस वक्त मित्तल मौजूद थे.

सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फंड से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर की जा रही है. हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच में जुटी हुई है.

कई ठिकानों पर एक साथ रेड

जानकारी के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई अशोक मित्तल के अलावा उनके बेटे से जुड़े ठिकानों पर भी की जा रही है. टीम इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की भी जांच कर रही है, ताकि फंड फ्लो और संभावित गड़बड़ियों का पता लगाया जा सके.

हाल ही में बने थे डिप्टी लीडर

अशोक मित्तल हाल ही में उस समय चर्चा में आए थे, जब आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को हटाकर उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर नियुक्त किया था. ऐसे में उनकी नई भूमिका के तुरंत बाद हुई यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

भगवंत मान ने साधा निशाना

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस छापेमारी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे राजनीतिक कार्रवाई करार दिया.

मान ने लिखा, 'हम वो पत्ते नहीं जो शाख से टूट कर गिर जाएंगे, आंधियों को कह दो अपनी औकात में रहें.'

संजय सिंह का भी बयान

AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'जहां-जहां चुनाव होता है बीजेपी अपनी एजेंसियों को पहले भेज देती है. पंजाब चुनाव के पहले राज्यसभा में AAP के उपनेता अशोक मित्तल के घर ईडी की छापेमारी उसी की एक शुरुआत है. इस खेल से कोई फ़ायदा नहीं, पंजाब में बुरी तरह हारेगी BJP.'

कौन हैं अशोक मित्तल?

अशोक मित्तल का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था. उनके पिता ने ‘लवली स्वीट्स’ नाम से एक छोटी मिठाई की दुकान शुरू की थी, जिसे बाद में मित्तल और उनके भाइयों ने मिलकर आगे बढ़ाया और यह जालंधर की प्रमुख दुकानों में शामिल हो गई.

इसके बाद उन्होंने वर्ष 2005 में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना की, जो आज देश की बड़ी निजी यूनिवर्सिटीज में गिनी जाती है. उन्होंने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो