पेपर लीक पर बढ़ते दबाव के बीच केंद्र सरकार का बड़ा कदम, शिक्षा मंत्रालय के सचिव को अचानक पद से हटाया

CJP के प्रदर्शन के बीच शिक्षा मंत्रालय में अचानक हुआ बड़ा फेरबदल, लेकिन क्या इसके पीछे सिर्फ प्रशासनिक वजह है या कुछ और

calender

नई दिल्ली: छात्रों के विरोध प्रदर्शन और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी को उनके पद से हटाकर पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया है. उनकी जगह नरेश पाल गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है. यह फैसला ऐसे समय आया है जब NEET-UG 2026 पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

ACC ने दी नियुक्तियों और तबादलों को मंजूरी

कार्मिक मंत्रालय के तहत नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति (ACC) ने गुरुवार को कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नियुक्तियों और तबादलों को मंजूरी दी, इसके तहत राजस्थान कैडर के 1994 बैच के आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया है. 

वह अभी तक पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव थे. वहीं, मणिपुर कैडर के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी विनीत जोशी अब पंचायती राज मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे.

छात्र आंदोलन के बीच आया फैसला

सरकार का यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं. हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि सचिव स्तर पर किया गया यह बदलाव छात्र आंदोलन से जुड़ा हुआ नहीं है.

पीएम मोदी ने युवाओं को दिया भरोसा

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने पेपर लीक मामलों की तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया.

बीजेपी सांसद का बड़ा दावा

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि शिक्षा सचिव को पेपर लीक मामले में कथित उदासीनता के कारण हटाया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी. हालांकि सरकार की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

कई अन्य विभागों में भी हुए बदलाव

सरकार ने शिक्षा मंत्रालय के अलावा कई अन्य मंत्रालयों और विभागों में भी सचिव स्तर पर बदलाव किए हैं. टी.के. अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव बनाया गया है.

इसके अलावा खान मंत्रालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) समेत कई संस्थानों में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति और तबादले किए गए हैं. First Updated : Friday, 24 July 2026

Topics :