CJP ने की देशभर में प्रदर्शन करने की अपील, राजधानी में बढ़ी सख्ती, दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन बंद

CJP के आंदोलन के चलते दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और प्रदर्शन स्थल के आसपास इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है. इसके साथ ही DMRC ने शुक्रवार को भी 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहा विरोध प्रदर्शन अब राजधानी के कई हिस्सों को प्रभावित करने लगा है. प्रदर्शनकारियों के संसद की ओर बढ़ने की आशंका के बीच संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग को बंद कर दिया गया है. इन इलाकों में जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. 

गृह मंत्रालय के निर्देश पर पश्चिम बंगाल से सीआरपीएफ की 20 कंपनियां दिल्ली लाई गई हैं. इसके अलावा, प्रदर्शन स्थल के आसपास करीब दो किलोमीटर के क्षेत्र में इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है. वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को भी 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है.

शुक्रवार को देशभर में प्रदर्शन का आह्वान

CJP ने शुक्रवार को पूरे देश में जिला स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की अपील की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्टर के जरिए पार्टी ने छात्र संगठनों से एकजुट होकर प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है. पार्टी की ओर से कहा गया है कि यह विरोध शांतिपूर्ण तरीके से किया जाए. हालांकि, दिल्ली में पिछले कुछ दिनों के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तनाव और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं. इसी वजह से राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था लगातार कड़ी की जा रही है.

17 मेट्रो स्टेशन आज भी बंद

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को भी 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे. बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं.

हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलती रहेगी. बाकी स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी. गुरुवार को भी मध्य दिल्ली में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही. प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग और मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने के कारण कई इलाकों में लंबा जाम लगा. लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा.

कनॉट प्लेस के कारोबार पर भी पड़ा असर

प्रदर्शन और सुरक्षा प्रतिबंधों का सीधा असर कनॉट प्लेस के कारोबार पर भी पड़ा है. इलाके में फूड डिलीवरी और कैब बुकिंग जैसी सेवाओं में भी कमी आई है. हालात को देखते हुए नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने दुकानदारों, रेस्त्रां और कार्यालयों से गुरुवार शाम साढ़े छह बजे अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की. एसोसिएशन के सचिव अमित गुप्ता के अनुसार, यह कदम नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के निर्देश के बाद उठाया गया. कनॉट प्लेस में करीब 2,000 कारोबारी प्रतिष्ठान और कार्यालय हैं. पिछले चार दिनों से प्रदर्शन और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण इनका कामकाज प्रभावित हो रहा है.

प्रदर्शन में बढ़ रही लोगों की भागीदारी

जंतर-मंतर पर जारी धरने में अब अलग-अलग आयु वर्ग के लोग पहुंच रहे हैं. प्रदर्शन स्थल पर कुछ देशी और विदेशी पर्यटक भी नजर आए. कई लोग अपने सामान और ट्रॉली बैग के साथ वहां पहुंचे. इस बीच, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके गुरुवार सुबह स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मंच से दूर रहे. उनकी गैरमौजूदगी में पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया. धरने में राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी भी लगातार बढ़ रही है. जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती समेत कई राजनीतिक प्रतिनिधि प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो