सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचे 15 सांसदों की एंट्री पर रोक, मेदांता अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे विपक्षी नेता

सोनम वांगचुक से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे करीब 15 विपक्षी सांसदों को पुलिस ने अस्पताल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद बाहर हंगामे की स्थिति बन गई. पुलिस ने अस्पताल के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि फिलहाल केवल करीबी परिजनों को ही मरीज से मिलने की इजाजत है.

calender

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक से मिलने मंगलवार को कई विपक्षी सांसद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी. इसके बाद अस्पताल के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही, जिसके बाद सांसदों ने पुलिस के फैसले पर सवाल उठाए और इसे गलत बताया है. 

क्यों किया गया सांसदो को मिलने से मना 

जानकारी के मुताबिक, करीब 15 विपक्षी सांसद सोनम वांगचुक का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे. हालांकि, पुलिस ने उन्हें अस्पताल के अंदर जाने से रोक दिया. अधिकारियों का कहना था कि अस्पताल के नियमों के अनुसार फिलहाल केवल करीबी परिजनों को ही मरीज से मिलने की अनुमति है. पुलिस ने सांसदों से कहा कि अगर वे चाहें तो वांगचुक की पत्नी गीतांजलि से मुलाकात कर सकते हैं, लेकिन मरीज से मिलने की इजाजत नहीं दी जा सकती.

आप नेता संजय सिंह हुए नाराज 

पुलिस के इस फैसले से आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह नाराज हो गए और अस्पताल के मुख्य गेट पर ही धरने पर बैठ गए. इस दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई. संजय सिंह ने कहा कि यह एक निजी अस्पताल है, ऐसे में किसी मरीज से मिलने के लिए अनुमति की बात क्यों की जा रही है. उनका आरोप था कि बिना किसी ठोस वजह के विपक्षी सांसदों को रोका जा रहा है.

सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल 

समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें सोनम वांगचुक से मिलने नहीं दिया जाएगा, तब तक वे अस्पताल के बाहर ही बैठी रहेंगी. उनका दावा था कि उनसे पहले कुछ अन्य नेताओं को अस्पताल में प्रवेश की अनुमति दी गई थी, लेकिन विपक्षी सांसदों के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है. इसके बाद उन्होंने पुलिस से मेडिकल प्रोटोकॉल सार्वजनिक करने की भी मांग की है 

सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो 

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संजय सिंह, प्रिया सरोज और अन्य सांसद अस्पताल के बाहर पुलिस से बातचीत करते और अंदर जाने की अनुमति मांगते दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल अस्पताल प्रशासन और पुलिस का कहना है कि मरीज से मुलाकात अस्पताल के नियमों और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार ही कराई जाएगी. वहीं, इस घटना के बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और इसे लेकर अलग-अलग दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. First Updated : Wednesday, 22 July 2026

Topics :