नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण दुबई में फंसे भारतीयों के लिए राहत की खबर आई है. मंगलवार को एयर इंडिया की पहली फ्लाइट दुबई से नई दिल्ली पहुंची, जिसमें 149 यात्री सवार थे. यह फ्लाइट एआई916डी सुबह करीब 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई. विमान का रजिस्ट्रेशन वीटी-ईडीसी था.
ईरान पर हमलों और जवाबी कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद हो गया था. इससे दुबई, अबू धाबी समेत खाड़ी देशों से भारत आने-जाने वाली कई उड़ानें रद्द हो गई. हजारों भारतीय फंस गए थे. हवाई क्षेत्र धीरे-धीरे खुलने के बाद कड़े सुरक्षा नियमों के तहत सीमित उड़ानें शुरू हुई.
एयर इंडिया की यह फ्लाइट भारतीय विमानन कंपनी की ओर से दिल्ली आने वाली पहली उड़ान थी. इससे पहले सुबह एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के 143 क्रू मेंबर्स को भी सुरक्षित दिल्ली लाया गया था, जो दुबई में अटके हुए थे.
दुबई से लौटे यात्रियों ने भारत पहुंचते ही बड़ी राहत महसूस की. कईयों ने कहा कि घर लौटकर मुस्कान वापस आ गई. उन्होंने एयरलाइंस और सरकार का आभार जताया. एक यात्री ने बताया कि संघर्ष के दौरान स्थिति डरावनी थी. आसपास विस्फोटों की आवाजें आ रही थी और मिसाइलें रोकी जा रही थी. होटल में रहते हुए भी डर लगा रहता था. अब घर पहुंचकर सुकून मिला है.
अबू धाबी से बेंगलुरु पहुंची एक फ्लाइट के यात्रियों ने भी अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने कहा कि एतिहाद एयरवेज ने फंसे यात्रियों के लिए होटल और अन्य मदद की व्यवस्था की. हवाई अड्डे पर अच्छी देखभाल हुई. मिडिल ईस्ट में एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट जैसी कंपनियों ने उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी थी. कुछ यूरोप जाने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुई.
एयर इंडिया ने कहा कि मौजूदा हालात में उनकी टीम पूरी मेहनत से काम कर रही है. यात्रियों की सुरक्षा सबसे ऊपर है. उन्होंने भारत सरकार, डीजीसीए और दुबई अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया. कंपनी ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द अधिक उड़ानें शुरू की जाएंगी.
डीजीसीए ने पश्चिम एशियाई देशों के ऊपर हवाई क्षेत्र से बचने की सलाह दी थी. शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय किए गए. अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, लेकिन सुरक्षा पर लगातार नजर है. First Updated : Tuesday, 03 March 2026