गुजरात ATS ने जैश के 8 संदिग्धों को दबोचा, दिल्ली में ISI नेटवर्क का भी भंडाफोड़

गुजरात ATS ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश से प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है।

calender

नई दिल्ली: गुजरात ATS ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश से प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी गुजरात में जैश का सक्रिय नेटवर्क खड़ा कर आतंकी गतिविधियां फैलाने की फिराक में थे।  

UAPA और BNS के तहत केस दर्ज   

गुजरात ATS ने बताया कि सभी 8 आरोपियों पर UAPA की धारा 13, 17, 18, 38, 39 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 148 और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ATS की टीम ने अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर इन्हें पकड़ा।  

गिरफ्तार आरोपियों के नाम   

पकड़े गए संदिग्धों की पहचान अहमद पिता अब्दुल्ला गाज़ीवाला, इब्राहिम घाघा पिता मोहम्मद हुसैन घाघा, मुदस्सिर पिता अब्दुल्ला गाजीवाला, जकारिया दुर्रानी पिता मोहम्मद अम्मार घाघा, मुफ्ती फौज़ान पिता इस्माइल दौवा, मोहम्मद अमीन शेरा, मोहम्मद अब्दुल पिता रहमान सावदी और बिलाल मोहम्मद पिता अम्मार घाघा के रूप में हुई है।  

दिल्ली में ISI समर्थित 4 आतंकी गिरफ्तार   

इससे एक दिन पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी और हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को पंजाब से और एक को दिल्ली से गिरफ्तार किया।  

अधिकारियों के मुताबिक, इन आरोपियों को दिल्ली में धार्मिक स्थलों और पुलिस प्रतिष्ठानों की रेकी का काम सौंपा गया था। ये पाकिस्तानी एजेंट शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।  

दिल्ली में हमले की थी साजिश   

गिरफ्तार आरोपियों के नाम शुभदीप सिंह उर्फ विशाल 23, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि 22, साजन सिंह उर्फ हनी 28 और गगनप्रीत 24 हैं। पुलिस ने बताया कि ये चारों ISI के लिए काम कर रहे थे।  

विदेशी नंबरों से करते थे बात   

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी अपने पाकिस्तानी आकाओं द्वारा दिए गए विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। इनके खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं में FIR दर्ज की गई है।  

हथियार और फोन बरामद  

तलाशी में पुलिस को आरोपियों के पास से एक जिगाना पिस्तौल, एक 30 बोर पिस्तौल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन मिले हैं। स्पेशल सेल को खुफिया इनपुट मिला था कि ISI एजेंट शहजाद भट्टी अपने साथियों के साथ दिल्ली-NCR में आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। इसके लिए उसने पंजाब के युवाओं को भर्ती किया था।   First Updated : Friday, 03 July 2026