गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-37 इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। वोल्वो कंपनी के शोरूम के पास किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों तरफ के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी और डंडों से हमला कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में युवाओं के दो गुटों के बीच बहस हो रही थी। बात गाली गलौज तक पहुंची और फिर अचानक दोनों पक्षों ने लाठी डंडे निकाल लिए। काफी देर तक सड़क पर मारपीट चलती रही। इस दौरान कई लोगों को चोटें आईं।
सड़क पर चल रहे इस हंगामे को देखकर राहगीर रुक गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो गया। सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर झगड़ा कर रहे युवक वहां से भाग गए। इसके बाद हालात काबू में आए।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों गुटों के युवक एक दूसरे पर डंडे बरसा रहे हैं। कुछ लोग बीच बचाव की कोशिश भी कर रहे हैं, लेकिन मारपीट रुक नहीं रही। पुलिस का कहना है कि झड़प में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
थाना पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वायरल फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय इंडस्ट्रियल एरिया में इस तरह की घटना से दहशत का माहौल बन गया। सड़क पर ट्रैफिक भी कुछ देर के लिए रुक गया था। पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। First Updated : Monday, 01 June 2026