गुरुग्राम में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों ने की नारेबाजी, छावनी में बदला इलाका

गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित विजन आरएक्स लैब के बाहर सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी.

Sachin Hari Legha

हरियाणा: गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित विजन आरएक्स लैब के बाहर सोमवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. बता दें, सुबह की पहली शिफ्ट के साथ ही करीब 500 से अधिक कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और कंपनी के मुख्य गेट पर इकट्ठा होकर मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. 

क्या है कर्मचारियों की मांग

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से कंपनी में काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो उचित वेतन मिल रहा है और न ही उनके अनुभव के अनुसार ग्रेड दिया जा रहा है. कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि सेवा अवधि के आधार पर ग्रेडिंग सिस्टम लागू किया जाए. उनका कहना है कि दो साल से अधिक समय से काम कर रहे कर्मचारियों को सेमी-स्किल्ड, पांच साल से अधिक वालों को स्किल्ड और दस साल से ज्यादा अनुभव रखने वालों को हाई-स्किल्ड कैटेगरी में रखा जाए.

वेतन को लेकर जाहिर की नाराजगी 

वेतन वृद्धि को लेकर भी कर्मचारियों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है. उनका आरोप है कि मौजूदा महंगाई के दौर में कंपनी द्वारा दिया जा रहा वार्षिक इंक्रीमेंट बेहद कम है, जिससे उनके लिए रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो रहा है. कर्मचारियों की मांग है कि सालाना वेतन वृद्धि कम से कम 10 प्रतिशत तय की जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके.

नाइट शिफ्ट में नहीं कैंटीन की सुविधा 

इसके अलावा, कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया है. उनका कहना है कि खासकर नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए कैंटीन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

वहीं स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. फिलहाल, इस विरोध प्रदर्शन के चलते कंपनी के कामकाज पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.
 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो