तमिलनाडु चुनाव 2026: विजय की हार की अफवाह सुन फैन ने की आत्महत्या की कोशिश, हालत नाजुक
तमिलनाडु चुनाव 2026 के बीच विजय की पार्टी टीवीके जहां बड़ी बढ़त बनाती दिख रही है, वहीं एक दुखद घटना सामने आई है. अफवाह के चलते एक फैन ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के बीच जहां एक ओर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (टीवीके) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर एक दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. चुनावी माहौल के बीच एक फैन द्वारा उठाया गया यह कदम चिंता का विषय बन गया है.
कृष्णागिरी जिले से सामने आई इस घटना में एक युवक ने अफवाह के आधार पर आत्महत्या की कोशिश की. बताया जा रहा है कि उसे यह गलत जानकारी दी गई कि विजय और उनकी पार्टी चुनाव हार गई है, जिसके बाद उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया.
अफवाह के चलते उठाया खतरनाक कदम
स्थानीय पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय महेंद्रन के रूप में हुई है. मतगणना शुरू होने के कुछ ही समय बाद किसी ने उसे बताया कि विजय चुनाव हार गए हैं.
इस खबर से आहत होकर उसने अपने घर के पास ही अपना गला काट लिया.
समय पर अस्पताल पहुंचने से बची जान
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. पुलिस अधिकारी ने बताया,"वह अपने घर के पास परेशान खड़े हुआ था. इसी बीच उसने अपना गला काट लिया. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे कृष्णागिरी सरकार मेडीकल कॉलेज तक पहुंचाया. यहां पर उसकी हालात नाजुक बनी हुई है."
फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है और इलाज जारी है.
मामले पर पुलिस की सीमित जानकारी
पुलिस ने इस घटना को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया है. मामले की जांच जारी है.
टीवीके की ऐतिहासिक बढ़त
इधर चुनावी रुझानों में विजय की पार्टी टीवीके ने सभी को चौंका दिया है. शुरुआती रुझानों के अनुसार पार्टी 106 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.
दूसरे स्थान पर एआईएडीएमके 70 सीटों के साथ है, जबकि सत्ताधारी डीएमके 57 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है.
एग्जिट पोल्स को किया गलत साबित
विजय की पार्टी का यह प्रदर्शन एग्जिट पोल्स के अनुमान से बिल्कुल अलग है. ज्यादातर एग्जिट पोल्स ने टीवीके को 20 से 40 सीटों तक सीमित बताया था और डीएमके की सरकार बनने का अनुमान लगाया था.
लेकिन मतगणना के रुझानों में टीवीके की बढ़त लगातार मजबूत होती दिख रही है, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव नजर आ रहा है.


