मार्च की शुरुआत में ही गर्मी का कहर, दिल्ली समेत कई शहरों के लिए मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मार्च की शुरुआत में ही देश के कई हिस्सों में असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है. दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान और महाराष्ट्र में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: मार्च की शुरुआत होते ही देश के कई हिस्सों में गर्मी ने ऐसा रूप दिखाया है कि लोगों को अभी से मई-जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है. आमतौर पर जनवरी और फरवरी की सर्दी के बाद मार्च में बसंत का मौसम रहता था, जिसमें हल्की धूप और सुहावना मौसम देखने को मिलता था. लेकिन इस साल हालात बदल गए हैं. मार्च के पहले ही हफ्ते में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को हैरान कर दिया है. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में पारा तेजी से चढ़ रहा है और मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों के लिए गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है.

दिल्ली में टूटा कई सालों का रिकॉर्ड

राजधानी दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही तापमान सामान्य से काफी ज्यादा पहुंच गया है. पहले हफ्ते में ही यहां का तापमान लगभग 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने पिछले कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च को भी दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री तक रहने का अनुमान है.

इसके बाद 11 मार्च तक तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सिर्फ दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी बढ़ गया है. न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पूरे सप्ताह हल्के बादल जरूर छाए रहने की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी में कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

दिल्ली-एनसीआर के शहरों में भी बढ़ी तपिश

दिल्ली के साथ-साथ आसपास के शहरों में भी गर्मी तेजी से बढ़ी है. कई जगहों पर तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है.

नई दिल्ली: 36 से 38 डिग्री

नोएडा: 34 से 35 डिग्री

गुरुग्राम: 35 से 36 डिग्री

गाजियाबाद: 35 से 36 डिग्री

जयपुर: 36 से 37 डिग्री

राजस्थान के कुछ इलाकों में तो लू जैसी स्थिति बनने की चेतावनी भी जारी की गई है.

पहाड़ी इलाकों में भी बढ़ा तापमान

सिर्फ मैदानी इलाकों में ही नहीं, बल्कि पहाड़ों में भी गर्मी का असर दिखाई दे रहा है. हिमाचल और उत्तराखंड के कई शहरों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है.

शिमला: 23 से 24 डिग्री

देहरादून: लगभग 28 डिग्री

मार्च के महीने में यहां का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री ज्यादा बताया जा रहा है, जो लोगों को हैरान कर रहा है.

मुंबई और महाराष्ट्र में भी बढ़ी गर्मी

पश्चिम भारत में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. मुंबई में तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, लेकिन समुद्र से आने वाली नमी के कारण लोगों को ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है. वहीं महाराष्ट्र के अंदरूनी इलाकों में तापमान और तेजी से बढ़ा है.

मुंबई: 33 से 34 डिग्री

पुणे: करीब 38 डिग्री

इंदौर: 34 से 35 डिग्री

उत्तर-पश्चिम भारत में लू जैसे हालात

उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भी तेज गर्मी देखने को मिल रही है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तापमान 36 से 37 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक गर्मी और बढ़ सकती है. हालांकि इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री की हल्की गिरावट हो सकती है.

पहाड़ी राज्यों में जल्द बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में फिलहाल तापमान बढ़ा रहेगा. 10 मार्च तक इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है. हालांकि 15 मार्च के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे इन इलाकों में मौसम बदल सकता है.

बारिश और बर्फबारी की संभावना

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 10 से 12 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं 10 से 11 मार्च और फिर 13 से 15 मार्च के बीच भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है. इसी दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है.

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश में 10 मार्च को लू जैसे हालात बन सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान, गुजरात और विदर्भ में 9 से 11 मार्च के बीच हीटवेव का खतरा बताया गया है. वहीं मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी कोंकण क्षेत्र में भी 10 मार्च को तेज गर्मी पड़ने की संभावना है. गुजरात के तटीय इलाकों में 9 से 13 मार्च के बीच बहुत ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान लगाया गया है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag