देश के 19 राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, तेज तूफान की चेतावनी

देश के एक बड़े हिस्से के लिए आंधी-तूफान का टेंशन बढ़ाने वाला अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले 17 घंटों के भीतर देश के 19 राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: देश इस समय मौसम के दो बेहद अलग और चरम रूपों का सामना कर रहा है. एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के लोग सूरज की तपिश और भीषण लू से झुलस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग  ने देश के एक बड़े हिस्से के लिए आंधी-तूफान का टेंशन बढ़ाने वाला अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले 17 घंटों के भीतर देश के 19 राज्यों में मौसम करवट लेने वाला है, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

 19 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, अगले कुछ घंटों में पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. जिन 19 राज्यों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश प्रमुख रूप से शामिल हैं. इस दौरान इन राज्यों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं, जिनकी अधिकतम गति 81 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है. 

 46 डिग्री तक जाएगा पारा

तूफान और बारिश के इस अलर्ट के बीच, देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लोगों को फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है. दिल्ली में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और कड़क धूप के साथ कई इलाकों में भीषण लू चलने की आशंका है. यहां अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

 कैसा रहेगा मौसम

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में 20 मई से 23 मई के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. देहरादून में जहां आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, वहीं उत्तरकाशी और चमोली जैसे ऊंचाई वाले जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की उम्मीद है. हालांकि, मैदानी इलाकों में यहां भी लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है.

ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां बांदा में तापमान पहले ही 47.6 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू चुका है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 से 25 मई के बीच पूरे राज्य में अत्यंत गर्म हवाएं लूं चलेंगी. आगरा, नोएडा, जालौन, बरेली, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे बड़े शहरों के लिए रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय घरों में ही रहने की सलाह दी गई है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो