कल बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश तो कहीं लू का कहर
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहेगा, जहां उत्तर भारत में लू और गर्मी का असर जारी रहेगा. वहीं पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 16 मई के लिए देशभर के मौसम को लेकर नया अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिलेगा. कहीं तेज गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी तो कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. विभाग ने कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है.
मौसम विभाग की चेतावनी
उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा. दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तापमान लगातार ऊंचा बना रह सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है. खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म हवाओं के साथ धूलभरी आंधी भी चल सकती है. हालांकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक होने से मौसम थोड़ा राहत भरा रह सकता है.
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है. बिहार में कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. असम और मेघालय के कुछ इलाकों में भारी वर्षा के कारण जलभराव और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है.
त्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान
मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. वहीं महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा और मराठवाड़ा क्षेत्रों में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश समेत कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं.


