Independence Day 2025: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी. यह विशेष संबोधन 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का अहम हिस्सा होगा और देशभर में विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किया जाएगा. राष्ट्रपति का संदेश न केवल हिंदी और अंग्रेजी में बल्कि देश की अनेक क्षेत्रीय भाषाओं में भी लोगों तक पहुंचेगा.
राष्ट्रपति का संबोधन आज गुरुवार शाम 7 बजे से आकाशवाणी के पूरे राष्ट्रीय नेटवर्क और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर प्रसारित होगा. हिंदी संस्करण के बाद इसका अंग्रेजी संस्करण भी दूरदर्शन पर प्रसारित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, यह संदेश देश के अलग-अलग हिस्सों में क्षेत्रीय भाषाओं में भी लोगों तक पहुंचेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसे समझ और महसूस कर सकें.
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, दूरदर्शन पर पहले हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारण होगा. इसके बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल अपने-अपने क्षेत्रीय भाषाओं में यह संबोधन दर्शकों तक पहुंचाएंगे. आकाशवाणी भी अपने क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9:30 बजे से इस भाषण के क्षेत्रीय भाषा संस्करण का प्रसारण करेगा.
राष्ट्रपति के संबोधन के एक दिन बाद, यानी शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लाल किले की प्राचीर से अपना पारंपरिक स्वतंत्रता दिवस भाषण देंगे. प्रधानमंत्री का यह संबोधन देशभर में सीधा प्रसारित किया जाएगा. इसमें वह बीते वर्ष की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और देश की दिशा पर अपने विचार साझा करेंगे.
प्रधानमंत्री के आगमन पर उनका स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे. इसके बाद वे थलसेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के 96 जवानों द्वारा दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे, जिसका संचालन इस बार भारतीय वायुसेना कर रही है.
भारत ने आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मना रहा है. ये 1947 में देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा और बलिदानों की स्मृति को समर्पित है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह इतिहास का अत्यंत दुखद अध्याय है, जब लाखों लोग अपने घर-बार छोड़ने को मजबूर हुए और सांप्रदायिक हिंसा में असंख्य लोगों की जान गई. उन्होंने कहा कि यह दिन उन लोगों के साहस और जज़्बे को नमन करने का भी है, जिन्होंने अकल्पनीय क्षति के बाद भी नए सिरे से जीवन की शुरुआत की. First Updated : Thursday, 14 August 2025