झारखंड: राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे अधूरे निर्माण कार्य और रफ्तार के बेलगाम कहर ने सोमवार सुबह एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चिलगु मोड़ पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्थानीय निवासी जितेन दास की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार भारी वाहन (ट्रक) की चपेट में आने से जितेन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से पूरे चिलगु गांव और आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में NHAI और प्रशासन के खिलाफ गहरा गुस्सा है.
ट्रक ने भी मारी थी टक्कर
चिलगु मोड़ पर लंबे समय से पुल निर्माण का कार्य चल रहा है. जिसकी कछुआ चाल अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है. ग्रामीणों का साफ तौर पर आरोप है कि पुल निर्माण में अत्यधिक देरी के कारण नेशनल हाईवे का एक बड़ा हिस्सा सिंगल लाइन में तब्दील हो चुका है. इस वजह से यहां आए दिन भारी जाम लगता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. सोमवार की सुबह भी इसी अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई.
सड़क हादसे में युवक की मौत
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज के अनुसार, आरोपी ट्रक चालक बेहद तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था. बाइक सवार जितेन दास को कुचलने से ठीक कुछ पल पहले, उसी अनियंत्रित ट्रक ने रास्ते में खड़ी एक दूसरी मालवाहक गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मारी थी. टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है.
सरकारी मुआवजे की मांग तेज
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी हरेलाल महतो तत्काल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. महतो ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया और मौके पर ही तत्काल आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की. घटनास्थल पर जुटे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही, उन्होंने एनएचएआई (NHAI) से इस खूनी बन चुके पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने और यातायात को सुरक्षित बनाने की सख्त हिदायत दी है. First Updated : Monday, 15 June 2026