नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 3 जून, बुधवार के लिए मौसम का नया अपडेट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। इसके असर से दक्षिण भारत में बारिश तेज होगी। वहीं उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान जैसे हालात बन सकते हैं।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और राजस्थान में मौसम सक्रिय रहेगा। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तेज आंधी के साथ गरज-चमक की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के लिए धूलभरी आंधी की चेतावनी है। दिल्ली-NCR में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में थोड़ी राहत मिलेगी।
ओडिशा, झारखंड, बिहार, बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ बारिश होगी। ओडिशा में 3 जून को 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। अरुणाचल में कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी 3 जून को मौसम बदला रहेगा। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होगी। मध्य प्रदेश में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की तेज आंधी चल सकती है। किसानों को फसल बचाने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है। महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगह बारिश होगी।
केरल, माहे और लक्षद्वीप में बारिश का दौर तेज होगा। केरल में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और कर्नाटक के तटीय व अंदरूनी हिस्सों में भी भारी बारिश के आसार हैं। तेलंगाना, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में गरज के साथ बारिश होगी। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तटीय आंध्र और तेलंगाना में हवाओं की गति 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।
गौरतलब है कि उत्तर-पश्चिम भारत में 3 जून तक अधिकतम तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। महाराष्ट्र में तापमान गिरेगा। पूर्वी भारत में पारा सामान्य से ऊपर रहेगा। बारिश और आंधी से कई राज्यों में गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम में खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। First Updated : Tuesday, 02 June 2026