भारत के इस ‘दिलेर’ नेता ने ट्रंप को कैमरे के सामने दिखाई मिडिल-फिंगर, भारत को बताया था ‘नरक जैसा देश’
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संतोष लाड ट्रंप पर जमकर बरसे। उन्होंने केंद्र सरकार और पीएम मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। हालांकि, इस दौरान लाड ने कहा कि इस बयान से पूरे देश और पीएम नरेंद्र मोदी का अपमान हुआ है।

नई दिल्ली: कर्नाटक के मंत्री संतोष लाड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘बीच की उंगली’ दिखाते नजर आ रहे हैं। मामला ट्रंप की उस टिप्पणी से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने भारत को 'हेलहोल' यानी नरक जैसी जगह बताया था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भड़के लाड
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह घटना बेल्लारी जिले के संदूर में हुई। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संतोष लाड ट्रंप पर जमकर बरसे। उन्होंने केंद्र सरकार और पीएम मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। हालांकि, इस दौरान लाड ने कहा कि इस बयान से पूरे देश और पीएम नरेंद्र मोदी का अपमान हुआ है।
संतोष लाड ने कहा, “ट्रंप ने हमारे प्रधानमंत्री का अपमान किया है। हाल ही में उन्होंने भारत को 'हेलहोल' कहा। मिस्टर ट्रंप, आप तो ‘मैड मैक्स’ हैं। आप अमेरिका के राष्ट्रपति हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि मेरे देश के बारे में कुछ भी बोल दें। मैं आपकी बातों की कड़ी निंदा करता हूं। मैं आपको बीच की उंगली भी दिखा सकता हूं। हम सब एकजुट होकर कहते हैं: ओह प्लीज़, ट्रंप, अब आगे बढ़ो।”
मंत्री लाड के इस अंदाज पर देश में बहस छिड़ गई है। आलोचक इसे गैर-कूटनीतिक बता रहे हैं। वहीं समर्थकों का कहना है कि यह जनता के गुस्से का असली रूप है। लाड ने केंद्र पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार का चुप रहना शर्मनाक है।
ट्रंप ने भारत को लेकर क्या बोला था?
आपको बताते चलें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट शेयर की। वह पोस्ट रूढ़िवादी कमेंटेटर माइकल सैवेज से जुड़ी थी। इसमें जन्मसिद्ध नागरिकता की आलोचना करते हुए भारत और चीन को 'इस ग्रह के हेलहोल' बताया गया था।
यूएसए के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पोस्ट में यह भी लिखा था कि यहां पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है। फिर वे चीन, भारत या किसी और ‘हेलहोल’ से पूरे परिवार को बुला लेते हैं। इस बयान पर दुनियाभर में गुस्सा फूटा।
भारत ने जताई थी आपत्ति
गौरतलब है कि भारत ने डोनाल्ड ट्रंप के इस बेतुके बयान पर तुरंत पलटवार किया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान को "अज्ञानतापूर्ण, अनुचित और अशोभनीय" बताया। उन्होंने कहा कि ये भारत-अमेरिका संबंधों की सच्चाई नहीं दिखाते।
दोनों देशों के रिश्ते आपसी सम्मान पर टिके हैं। बाद में अमेरिकी दूतावास द्वारा भी डैमेज कंट्रोल की कोशिश की गई। उसने ट्रंप के पुराने बयानों का हवाला दिया जिनमें उन्होंने भारत को ‘महान देश’ कहा था। साथ ही मजबूत रिश्तों पर जोर दिया।


