ट्विशा शर्मा केस में सास गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका खारिज, अब CBI करेगी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा मौत मामले में पूर्व न्यायिक अधिकारी गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी है. अब सीबीआई उन्हें जल्द गिरफ्तार कर सकती है.

calender

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सबसे चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने पूर्व न्यायिक अधिकारी और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह को बड़ा झटका दिया है. कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी है. अब सीबीआई उन्हें गिरफ्तार कर सकती है.

हाईकोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला

हाईकोर्ट ने बुधवार को सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था. देर रात फैसला सुनाया गया. जस्टिस देवनारायण मिश्रा की एकलपीठ ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, व्हाट्सएप चैट, गवाहों के बयान और केस डायरी जैसे अहम सबूतों पर ध्यान नहीं दिया. कोर्ट ने माना कि मृतका ट्विशा के शरीर पर कई एंटीमॉर्टम चोटें थी, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

मामले को बेहद गंभीर और संवेदनशील बताते हुए कोर्ट ने कहा कि अग्रिम जमानत जैसी राहत देते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए थी. 15 मई 2026 को दी गई अग्रिम जमानत अब रद्द हो गई है.

सीबीआई का आरोप

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और सीबीआई ने आरोप लगाया कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही थी. नोटिस मिलने के बावजूद उन्होंने बयान देने से बचते रहे. साथ ही सीसीटीवी फुटेज के कुछ हिस्से मीडिया में लीक होने का भी जिक्र किया गया.

सीबीआई की तेज जांच

सीबीआई इस पूरे मामले की जांच कर रही है. बुधवार को जांच टीम ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह को उनके घर ले जाकर तीन घंटे तक क्राइम सीन का पुनर्निर्माण कराया. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और 3D इमेज भी तैयार की. समर्थ सिंह को 29 मई 2026 तक सीबीआई की हिरासत में रखा गया है. जांच के दौरान समर्थ सिंह के चचेरे भाई स्वजन से भी पूछताछ की गई. 

मां-बेटे का आमना-सामना

जांच के दौरान समर्थ सिंह अपनी मां गिरिबाला सिंह से मिले. दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गई. ट्विशा की मौत के बाद यह पहला मौका था जब मां और बेटा एक साथ नजर आए. समर्थ शांत रहा, जबकि गिरिबाला सिंह बातचीत करती दिखी.

क्या है पूरा मामला?

मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई 2026 को संदिग्ध हालात में हुई थी. इसके बाद उनके पति समर्थ सिंह फरार हो गए थे, जबकि उनकी मां गिरिबाला सिंह ने पहले भोपाल जिला कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली थी. हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है. सीबीआई अब गिरिबाला सिंह को जल्द गिरफ्तार कर सकती है. पूरे मामले पर भोपाल में चर्चा तेज हो गई है. First Updated : Thursday, 28 May 2026