भोपाल: ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं. पति समर्थ सिंह ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि 17 अप्रैल को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि होने के बाद उनके व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था. मौत से महज कुछ घंटे पहले दोनों पति-पत्नी के बीच राजस्थान के अजमेर जाने को लेकर जोरदार झगड़ा हुआ था. इस मामले में ट्विशा की मां के साथ हुए मैसेज में ससुराल के माहौल को लेकर ट्विशा की मजबूरी और परेशानी साफ झलक रही है.
समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि प्रेग्नेंसी कन्फर्म होने के बाद ट्विशा का बर्ताव अचानक बदल गया. ट्विशा और उसकी मां के बीच चैट में ससुराल की स्थिति को लेकर काफी तनाव था. ट्विशा ने अपने माता-पिता से बार-बार गुजारिश की कि वे उसे घर ले आएं. एक मैसेज में उसने लिखा, “मेरा दम घुट रहा है मां.”
मौत वाली रात ट्विशा ने रात 10:05 बजे अपनी मां को फोन किया और अपनी परेशानी बतानी शुरू की, लेकिन जैसे ही समर्थ कमरे में आए, ट्विशा ने फोन काट दिया. इसके बाद परिवार ने ट्विशा, समर्थ और सास गिरिबाला सिंह से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. कुछ घंटों बाद सास ने परिवार को ट्विशा की मौत की सूचना दी.
ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि बहन की बात अचानक बीच में बंद हो गई थी. परिवार ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.
समर्थ सिंह फिलहाल 7 दिन की पुलिस रिमांड पर है. शनिवार को उससे लंबी पूछताछ की गई. जबलपुर से सरेंडर करने पहुंचे समर्थ को तुरंत गिरफ्तार कर भोपाल ले जाया गया.
उसकी मां गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिली हुई है, लेकिन उन पर जांच में सहयोग न करने का आरोप लगा है. कोर्ट में समर्थ सिंह का शांत और बिना किसी भावना वाला व्यवहार सबका ध्यान खींच रहा है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. First Updated : Sunday, 24 May 2026