फंदे की बेल्ट पर उठे गंभीर सवाल, क्या ट्विशा शर्मा केस में सबूतों से हुई बड़ी लापरवाही?

ट्विशा शर्मा मौत मामले में फंदे के रूप में इस्तेमाल हुई बेल्ट की जब्ती प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद जांच और विवाद दोनों तेज हो गए हैं. परिवार का आरोप है कि सबसे अहम सबूत को सुरक्षित रखने में लापरवाही हुई है.

Sonee Srivastav

भोपाल: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. इस केस की जांच अब सीबीआई कर रही है और हर पहलू को खंगालने की कोशिश की जा रही है. हाल ही में जांच एजेंसी ने घटनास्थल पर डमी पुतले की मदद से सीन रिक्रिएशन भी किया, ताकि यह समझा जा सके कि घटना वाले दिन क्या हुआ था.

ट्विशा के परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है. परिवार ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

फंदे की जब्ती पर उठे सवाल

अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल उस बेल्ट को लेकर खड़ा हो गया है, जिसे कथित तौर पर फंदे के रूप में इस्तेमाल किया गया था. शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोप लगाया है कि इस अहम सबूत को जब्त करने में पुलिस ने तय कानूनी प्रक्रिया का सही तरीके से पालन नहीं किया.

बताया गया है कि घटना के अगले दिन सुबह पुलिस ने बेल्ट को जब्त किया था, लेकिन जब्ती मेमो में यह साफ नहीं किया गया कि उस बेल्ट की पहचान किसने की थी. दस्तावेजों के मुताबिक, न तो पति समर्थ सिंह और न ही सास गिरिबाला सिंह ने बेल्ट की पहचान की थी.

पुलिस की गाड़ी में रखा रहा सबूत

शिकायतकर्ता पक्ष ने अदालत में यह भी दावा किया कि जब्ती के बाद बेल्ट को तुरंत सुरक्षित तरीके से जांच एजेंसी या फोरेंसिक टीम को नहीं सौंपा गया. आरोप है कि भोपाल एम्स भेजे जाने से पहले तक यह बेल्ट संबंधित पुलिस अधिकारी की गाड़ी में ही रखी रही. परिवार का कहना है कि अगर मामला आत्महत्या का था, तो सबसे अहम सबूत को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी था. ऐसे में सबूत के संरक्षण में लापरवाही कई सवाल खड़े करती है.

सीबीआई कर रही हर एंगल से जांच

सीबीआई अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश थी. फिलहाल इस केस में कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं. वहीं ट्विशा के परिवार को उम्मीद है कि सीबीआई जांच से सच्चाई सामने आएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो