शादी का झांसा, लिव-इन रिलेशन और फिर धर्म परिवर्तन का दबाव! बरेली में युवती ने अरबाज खान पर लगाया गंभीर आरोप और सुनाई अपनी आपबीती
बरेली की एक युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर शादी का झांसा दिया, उसके साथ लिव-इन में रहा और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा.

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली से जबरन धर्म परिवर्तन और धोखे से संबंध बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक अपने साथ रखा. जब युवक की सच्चाई सामने आई तो उसने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया.
दोस्ती के बाद शुरू हुआ रिश्ता
पीड़िता के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम बॉबी बताया था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई. युवक ने शादी का वादा किया और साथ रहने के लिए कहा. युवती उसकी बातों में आ गई और दोनों किराए के मकान में रहने लगे.
पीड़िता का कहना है कि युवक ने उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखा और शारीरिक संबंध बनाए. लगभग एक साल बाद उसे पता चला कि युवक का असली नाम अरबाज खान है और वह पहले से शादीशुदा है. आरोपी दो बच्चों का पिता भी बताया जा रहा है.
सच सामने आने पर दी धमकी
युवती का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया. उसने कथित तौर पर युवती के कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा.
पीड़िता ने यह भी कहा कि आरोपी उसे दरगाह और मजार पर ले गया, जहां उससे जबरन कलमा पढ़वाया गया और नमाज पढ़ने के लिए दबाव बनाया गया. आरोपी ने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर किया.
युवती का दावा है कि इस पूरे मामले में आरोपी के परिवार के लोग भी शामिल हैं. उसने आरोप लगाया कि परिवार के अन्य सदस्य भी महिलाओं को इसी तरह झांसा देकर फंसाने का काम करते हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.


