‘ड्रग्स लेती थी और मेंटल थेरेपी भी...’ ट्विशा शर्मा की सास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए कई आरोप

गिरबाला सिंह ने इस दौरान यह भी दावा किया कि ट्विशा की साइकेट्रिक काउंसलिंग चल रही थी। उसे वही दवाइयां दी जाती थीं जो सिजोफ्रेनिया के मरीजों को दी जाती हैं। दवा लेने के बाद वह एक-दो दिन ठीक रहती थी, लेकिन फिर उसका व्यवहार बदल जाता था।

Sachin Hari Legha

भोपाल: ट्विशा शर्मा आत्महत्या केस में अब नया मोड़ आया है। सोमवार (18 मई 2026) को ट्विशा की सास गिरबाला सिंह मीडिया के सामने आईं। उन्होंने ससुराल पक्ष पर लग रहे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। गिरबाला ने उल्टा ट्विशा की मेंटल हेल्थ पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि ट्विशा का जाना उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा है। आखिरकार वह उनके घर का हिस्सा थी।

ट्विशा को दी जाती थी साइकेट्रिक काउंसलिंग   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गिरबाला सिंह ने इस दौरान यह भी दावा किया कि ट्विशा की साइकेट्रिक काउंसलिंग चल रही थी। उसे वही दवाइयां दी जाती थीं जो सिजोफ्रेनिया के मरीजों को दी जाती हैं। दवा लेने के बाद वह एक-दो दिन ठीक रहती थी, लेकिन फिर उसका व्यवहार बदल जाता था।

गिरबाला ने बताया कि ट्विशा पूजा पाठ भी करती थी और अक्सर उनकी गोद में सिर रखकर सो जाती थी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में ग्लैमर वर्ल्ड में जाने का साइकोलॉजिकल प्रेशर भी उस पर था।

दहेज प्रताड़ना के आरोपों से इनकार  

नोएडा की रहने वाली ट्विशा ने भोपाल के समर्थ सिंह से दिसंबर 2025 में शादी की थी। 12 मई की रात उसने फांसी लगाकर जान दे दी। ट्विशा के मायके वालों का आरोप है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था।

मौत से पहले ट्विशा ने मां को फोन कर कहा था कि वह अब और नहीं सह सकती। वहीं गिरबाला सिंह ने कहा कि उस रात वे ट्विशा की मां को पल पल की खबर दे रहे थे। रात 10:10 पर कॉल आया और 10:50 तक वे एम्स पहुंच गए थे।

अबॉर्शन को लेकर किया बड़ा खुलासा   

गिरबाला ने इस दौरान बताया कि परिवार में पहले बच्चे को लेकर सब खुश थे। लेकिन ट्विशा ने अपनी मर्जी से अबॉर्शन करवाया। डॉक्टरों ने मना भी किया था। उसी दिन वह साइकेट्रिक काउंसलिंग के लिए भी गई थी।

गिरबाला ने कहा कि उनकी गलती थी कि वे उसकी पूरी मेंटल थेरेपी नहीं करवा पाईं। उन्होंने बताया कि MTP का कोर्स शुरू करने के बाद ट्विशा ने उसे रिवर्स कराने की बात कही थी। वे उसे लेकर क्लीनिक भी गईं।

माता-पिता पर लगाए गंभीर आरोप   

गौरतलब है कि गिरबाला सिंह ने ट्विशा के माता-पिता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शादी के 5 महीने में वे एक बार भी मिलने नहीं आए। सिर्फ एक बार ट्विशा अपनी मर्जी से घर गई थी। उन्होंने फोन करके ट्विशा की मां को बुलाया था, लेकिन वे नहीं आईं।

गिरबाला ने आरोप लगाया कि माता-पिता उसकी खूबसूरती से कमाई करते थे। उन्होंने कहा कि उनके पति मणिपुर में शहीद हो गए थे। मॉर्चुरी में भी ट्विशा के घरवाले उन पर चिल्ला रहे थे। गिरबाला ने कहा कि जो लोग शहीद की पत्नी को सम्मान नहीं दे सकते, वे देश सेवा की बात करते हैं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो