मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्वयंभू धार्मिक गुरु और उसके सहयोगियों के खिलाफ महिला का शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने के तहत मामला दर्ज किया गया है. इस खबर के सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है. हालांकि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कथित गुरु समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि गुरु ने वर्षों तक आध्यात्मिक प्रभाव और धार्मिक आस्था को सहारा बनाते हुए महिला का शोषण किया.
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हरियाणा का निवासी है और पिछले कई सालों से वह पुणे में एक बंगले से आश्रम संचालित कर रहा था. शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने खुद को दिव्य शक्तियों से संपन्न व्यक्ति बताकर उसका विश्वास जीता और उसकी निजी परेशानियों को दूर करने का वादा किया. इसके बाद वह लंबे समय तक उसके प्रभाव में रही.
महिला का दावा है कि इस दौरान उसे लगातार मानसिक दबाव में रखा गया और कई तरह की प्रताड़नाओं का सामना करना पड़ा. उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके वैवाहिक जीवन और पारिवारिक संबंधों में भी हस्तक्षेप किया, जिस दौरान उसे अपने पति से तलाक लेने के लिए मजबूर किया ताकि वह उसकी संपत्ति पर कब्जा कर सकें. इतना ही नहीं महिला ने ये कहा कि उसने बार-बार उसका यौन शोषण किया, उसे अपना मूत्र पीने के लिए मजबूर किया और यहां तक की उसे बिजली के झटके भी दिए गए.
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आश्रम के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे परिसर पर छापा मारा। वहीं कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, नकदी और आभूषण बरामद किए गए हैं. जांच अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके.
पुलिस को परिसर में कुछ ऐसे निर्माण कार्यों के भी संकेत मिले हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं. पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ यौन शोषण, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी तथा अंधविश्वास और अमानवीय प्रथाओं से जुड़े कानूनों के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं अदालत ने सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी के विभिन्न राज्यों में अनुयायी हैं और अब यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अन्य महिलाएं भी इसी तरह के शोषण का शिकार तो नहीं हुई, जिसके तहत मामले को लेकर आगे की जांच की जारी है. First Updated : Thursday, 18 June 2026