हिजाब-पगड़ी पहनो, लेकिन तिलक, कलावा और सिंदूर मत लगाओ! लेंसकार्ट के ड्रेस कोड पर सोशल मीडिया पर मचा बवाल, बायकॉट की मांग
लेंसकार्ट कंपनी और मालिक दोनों विवादों में घिर गए हैं. कर्मचारियों के लिए बने नए स्टाइल गाइड को लेकर अशोक पंडित ने आलोचना की है. उनका कहना है कि कंपनी हिजाब और पगड़ी को अनुमति दे रही है, लेकिन हिंदू कर्मचारियों के लिए तिलक, बिंदी, कलावा और सिंदूर पर पाबंदी लगा रही है.

महाराष्ट्र: लेंसकार्ट कंपनी के कर्मचारियों के लिए बने नए स्टाइल गाइड को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है. फिल्म निर्देशक और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पंडित ने इस गाइड की आलोचना करते हुए कंपनी के उत्पादों के बहिष्कार की अपील की है. उन्होंने कहा कि कंपनी हिजाब और पगड़ी को अनुमति दे रही है, लेकिन हिंदू कर्मचारियों के पारंपरिक निशानों जैसे तिलक, बिंदी, कलावा और सिंदूर पर पाबंदी लगा रही है.
स्टाइल गाइड में क्या लिखा है?
अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर स्टाइल गाइड का 11वां पन्ना शेयर किया. इसमें साफ लिखा है कि हिजाब पहनने की इजाजत है, लेकिन उसका रंग काला होना चाहिए. हिजाब मीडियम चेस्ट कवरेज वाला हो और कंपनी का लोगो न ढके. पगड़ी भी सिर्फ काले रंग की पहनी जा सकती है.
वहीं, धार्मिक तिलक, टीका, बिंदी या कोई स्टिकर लगाने की पूरी तरह मनाही है. मेहंदी लगाने पर भी रोक है. खास अवसरों पर भी सिर्फ 10 दिन के लिए मैनेजमेंट की अनुमति के बाद ही लगाई जा सकती है.
कंपनी ने अन्य नियम भी बनाए हैं, जैसे कोई भी टोपी या हैट नहीं पहनना, स्टोर पर ब्लू टॉर्च और स्प्रे बोतल रखना, बाल बिखरे होने पर हेयर नेट लगाना और टैटू छिपाने के लिए काली फिटेड टी-शर्ट पहनना.
सोशल मीडिया पर गुस्सा
अशोक पंडित ने कंपनी के फाउंडर पीयूष बंसल पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिंदू बहुल भारत में ज्यादातर कर्मचारी और ग्राहक हिंदू हैं. फिर भी कंपनी हिंदू प्रतीकों पर प्रतिबंध क्यों लगा रही है? उन्होंने इसे हिंदू भावनाओं के प्रति असंवेदनशील बताया.
लेखिका शेफाली वैद्य ने भी स्क्रीनशॉट शेयर कर पुष्टि की कि यह पॉलिसी सही है. उन्होंने लिखा कि कंपनी हिजाब को ठीक मानती है, लेकिन बिंदी, तिलक और कलावा की इजाजत नहीं देती. जितेंद्र प्रताप सिंह जैसे यूजर्स ने इसे ‘कार्पोरेट जिहाद’ बताया.
उन्होंने कहा कि टीसीएस के बाद अब लेंसकार्ट भी विवादों में है, जहां हिजाब और पगड़ी की अनुमति है लेकिन कलावा, बिंदी और सिंदूर नहीं दिखना चाहिए.
कंपनी पर बायकॉट की अपील
अशोक पंडित ने लोगों से लेंसकार्ट के प्रोडक्ट्स का बायकॉट करने की अपील की है. सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि एक हिंदू बहुल देश में कंपनी क्यों धार्मिक प्रतीकों के साथ दोहरे मापदंड अपनाती है. कई लोगों ने इसे हिंदू कर्मचारियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम बताया.


