मुलुंड में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मुंबई मेट्रो का खंभा ऑटो और कार पर गिरा, कई घायल
मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन मेट्रो प्रोजेक्ट का एक हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा. एलबीएस रोड पर हुए इस हादसे में एक ऑटो रिक्शा और एक कार इसकी चपेट में आ गए, जिससे कई लोग घायल हो गए.

मुंबई: मुंबई के मुलुंड पश्चिम इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने निर्माण कार्यों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के दौरान सीमेंट के स्तंभ का एक हिस्सा अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में एक ऑटो रिक्शा और एक कार आ गए. इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए.
दोपहर करीब 12:20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत और बचाव के लिए तत्काल दमकल, पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मेट्रो स्तंभ का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया. उस समय ऑटो रिक्शा में चार लोग सवार थे. स्तंभ का हिस्सा सीधे वाहन पर गिरने से गंभीर नुकसान हुआ और यात्री इसकी चपेट में आ गए.
मुंबई में मेट्रो पिलर का एक हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में ऑटो रिक्शा और कार आ गई.
— Ranvijay Singh (@ranvijaylive) February 14, 2026
इस वीडियो में ऑटो ड्राइवर फंसा हुआ है, जिसे लोग निकालने की कोशिश कर रहे हैं. pic.twitter.com/xU5LHzGP3P
मृतक और घायलों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है. वहीं घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) शामिल हैं.
राजकुमार इंद्रजीत यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है. महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रुहिया की स्थिति स्थिर है.
अमृतकाल की एक और वीडियो,
— रावण (@raavan_india) February 14, 2026
घर से बाहर अपने रिस्क पर ही निकलें 🙏
कार और ऑटो पर मुंबई मेट्रो का स्लैब गिरा, कुछ लोग घायल। pic.twitter.com/Gra3ZCGzZU
बीएमसी का बयान
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा,"निर्माण के दौरान, सीमेंट के मेट्रो स्तंभ का एक हिस्सा टूटकर एक रिक्शा पर गिर गया. मुंबई अग्निशमन विभाग, पुलिस, मेट्रो कर्मचारी, वार्ड कर्मचारी और 108 एम्बुलेंस सेवाएं मौके पर मौजूद हैं. ऑटो रिक्शा में सवार तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका है."
एमएमआरडीए की प्रतिक्रिया
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने भी बताया कि उसकी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और बीएमसी तथा आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ मिलकर इलाके को सुरक्षित किया गया. बचाव अभियान समन्वय के साथ चलाया गया.
चेंबूर में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले 31 जनवरी को चेंबूर के सुमन नगर उप-इलाके में भी निर्माणाधीन मेट्रो स्तंभ का एक हिस्सा गिर गया था. हालांकि उस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था. एमएमआरडीए अधिकारियों ने उस दुर्घटना की जांच कराने की बात कही थी.


