महाराष्ट्र के यशवाड़ी मारुति मंदिर में बड़ा हादसा, सभा मंडप की ढही छत, 7 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के परभणी जिले के यशवाड़ी मारुति मंदिर में शनिवार को बड़े हादसे की खबर सामने आई है, जहां मंदिर के सामने बना सभा मंडप अचानक ढह गया है.

calender

मुंबई: महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब यशवाड़ी गांव स्थित प्रसिद्ध मारुति मंदिर के सभा मंडप की छत अचानक ढह गई. घटना के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिसके चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहीं हादसे के दौरान मलबे के नीचे दबने से करीब 7 लोगों की मौत हो गई हैं. इसके साथ ही जबकि कई अन्य श्रद्धालुओं घायल बताए जा रहे हैं. 

कब हुआ ये हादसा 

बताया जा रहा है कि शनिवार होने के कारण मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी थी. वहीं  दोपहर करीब 3:30 बजे मंदिर के बाहरी हॉल यानी सभा मंडप का स्लैब अचानक गिर पड़ा. छत गिरते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और कई श्रद्धालु मलबे के नीचे फंस गए.

मौके पर पहुंचा राहत-बचाव 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद बचाव कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. अधिकारियों के मुताबिक अब तक करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया है.

कुल कितने लोग फंसे? 

प्रशासन का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मलबे के नीचे कुल कितने लोग फंसे है. इसके  साथ ही गंभीर रूप से घायल लोगों की संख्या का भी आकलन किया जा रहा है. फिलहाल बचाव अभियान लगातार जारी है और मौके पर एम्बुलेंस सहित सभी आवश्यक संसाधन तैनात किए गए हैं.

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है. बता दें, हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद घटना की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Saturday, 20 June 2026