नासिक की IT कंपनी में यौन शोषण का बड़ा खुलासा, HR हेड पर केस दर्ज, 6 आरोपी गिरफ्तार

नासिक की एक आईटी कंपनी में महिलाओं के साथ यौन शोषण और छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है. चार साल से चल रहे इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एचआर हेड पर भी केस दर्ज किया गया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बड़ी आईटी कंपनी में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़ और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे हैं. इस मामले ने कॉर्पोरेट वर्कप्लेस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के छह टीम लीडर्स को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक पर रेप का आरोप है, जबकि अन्य पर महिला सहकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगे हैं. मामले में एचआर हेड की भूमिका भी संदेह के घेरे में है.

चार साल से चल रहा था शोषण का सिलसिला

पुलिस जांच के मुताबिक, यह घटनाएं पिछले चार वर्षों से अलग-अलग समय पर होती रही हैं. पीड़ित महिलाओं ने कंपनी के एचआर हेड को POSH (Prevention of Sexual Harassment) नियमों के तहत लिखित शिकायत भी दी थी.

हालांकि, आरोप है कि एचआर हेड ने इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की. एक पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपनी शिकायत दर्ज कराई, तो उसे कहा गया कि "यह सब एमएनसी में नॉर्मल है, शांत रहो."

एचआर हेड के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला

पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कंपनी के एचआर हेड के खिलाफ भी केस दर्ज किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है.

पुलिस को आशंका है कि इस मामले में और भी महिलाएं पीड़ित हो सकती हैं, जो अब तक सामने नहीं आई हैं. जांच टीम लगातार अन्य संभावित पीड़ितों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है.

अब तक 9 FIR दर्ज, कई धाराएं शामिल

अब तक इस मामले में कुल नौ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें से आठ महिलाओं की शिकायतों पर आधारित हैं. इन मामलों में यौन अपराध और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित गंभीर धाराएं लगाई गई हैं.

पद का दुरुपयोग कर किया गया उत्पीड़न

कंपनी में करीब 300 कर्मचारी कार्यरत हैं और गिरफ्तार किए गए अधिकतर आरोपी टीम लीडर के पद पर थे. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए लंबे समय तक महिलाओं को परेशान किया.

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. यदि और पीड़ित सामने आते हैं, तो एफआईआर की संख्या बढ़ सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो