मुंबई: कल्याण-डोंबिवली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों से मारपीट के मामले में शिवसेना के पार्षद रमेश म्हात्रे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके साथ 5 अन्य लोगों पर भी FIR दर्ज हुई है। महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित इस म्युनिसिपल अस्पताल में सोमवार को उस वक्त तनाव बढ़ गया जब डॉक्टरों ने एक नवजात बच्चे के परिजनों को सलाह दी कि बच्चे को बेहतर इलाज के लिए किसी बड़े मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया जाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आरोप है कि इसी बात पर पहले बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि पार्षद म्हात्रे और उनके समर्थकों ने 2 डॉक्टरों और कुछ अस्पताल स्टाफ के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। डॉक्टरों और आम लोगों ने अस्पतालों में सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दबाव बढ़ते देख इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भी मैदान में उतर आया। IMA ने चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो ठाणे के सभी निजी क्लिनिक और अस्पताल बंद कर दिए जाएंगे।
जन-दबाव और IMA के विरोध के बाद मंगलवार रात पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने म्हात्रे और 5 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इस बीच शिवसेना ने मामले से किनारा कर लिया है। ठाणे से सांसद नरेश म्हस्के ने दिल्ली में मीडिया से कहा कि पार्टी इस घटना का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा, "मारपीट रमेश म्हात्रे ने ही की है। वो भले ही वरिष्ठ नेता हों और 5-6 बार चुनाव जीत चुके हों, लेकिन पार्टी ऐसे आचरण को बर्दाश्त नहीं करेगी।"
सांसद के मुताबिक पार्टी ने म्हात्रे को कारण बताओ नोटिस भेज दिया है। आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई अनुशासन समिति तय करेगी। म्हस्के ने साफ किया कि कानूनी प्रक्रिया में पार्टी कोई दखल नहीं देगी। "कानून अपना काम करेगा।"
इस घटना के बाद एक बार फिर अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा उठ गया है। मेडिकल स्टाफ का कहना है कि मरीजों के परिजनों द्वारा हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। IMA ने सरकार से अस्पतालों में सुरक्षा गार्ड और CCTV बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल अस्पताल में काम सामान्य है, लेकिन डॉक्टरों ने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग दोहराई है। First Updated : Wednesday, 08 July 2026