मुंबई: महाराष्ट्र के लोनावला स्थित ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर 18 जून को हुई रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत की गुत्थी अब सुलझती नजर आ रही है. मामले को लेकर इस बात का खुलासा पहले ही हो चुका है कि पुलिस जांच में यह मामला दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का निकला है. इसके चलते पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, जांच के दौरान सिया के भाई साहिल गोयल से भी करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई, जिसके बाद कई अहम जानकारियां सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, साहिल ने बताया कि उसे कई महीने पहले ही सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में जानकारी मिल चुकी थी. उसने अपनी बहन को चेतन से दूरी बनाने और केतन के साथ तय हुई शादी को प्राथमिकता देने की सलाह भी दी थी. जांच में यह भी सामने आया कि साहिल और चेतन की दोस्ती साल 2024 में क्रिकेट खेलने के दौरान हुई थी, जिसके बाद चेतन की मुलाकात सिया से हुई.
जांच में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सगाई के बाद सिया को पता चला कि केतन बालों की समस्या के कारण हेयर पैच का इस्तेमाल करता था. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह शादी नहीं करना चाहती थी. हालांकि, केतन के परिवार का कहना है कि उन्होंने रिश्ता तय होने के समय ही इस बात की जानकारी गोयल परिवार को दे दी थी और यह भी बताया था कि केतन का हेयर ट्रीटमेंट चल रहा है.
जांच के दौरान ये भी सामने आया है कि, घटना के बाद आरोपियों द्वारा डिजिटल सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई. पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने वारदात से पहले और बाद में अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट डिलीट कर दी और रीसायकल बिन भी खाली कर दिया. अब दोनों के मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि डिलीट किया गया डेटा रिकवर किया जा सके.
इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार भी एक्टिव हो गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर त्वरित न्याय का भरोसा दिया है. उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की मंजूरी दी है. इसके साथ ही, वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को इस केस में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की घोषणा की गई है. अधिकारियों के मुताबिक, निकम ने इस जिम्मेदारी के लिए अपनी सहमति भी दे दी है. First Updated : Saturday, 27 June 2026