ऋषिकेश में बड़ा ट्रेन हादसा टला! योग नगरी स्टेशन के पास पटरी से उतरे उज्जैन एक्सप्रेस के 3 डिब्बे

ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास मेंटेनेंस के दौरान उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद ट्रैक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे GRP ने मौके पर पहुंचकर हटाया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. यह घटना रात करीब 9:30 बजे खंड गांव इलाके में हुई. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नियमित मेंटेनेंस के दौरान ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ. घटना के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि वरिष्ठ रेलवे अधिकारी करीब ढाई घंटे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे.

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, उज्जैन एक्सप्रेस के डिब्बों को नियमित तकनीकी प्रक्रिया के तहत संभाला जा रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रेन के तीन कोच पटरी से उतर गए. शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है. घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. बाद में सरकारी रेलवे पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को हटाया और ट्रैक को सुरक्षित किया.

रेलवे ने शुरू की जांच

रेलवे अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे की वजहों की गहराई से पड़ताल की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सही तरीके से हुआ था या नहीं. यह घटना बीते कुछ दिनों में सामने आए रेल हादसों की कड़ी में एक और मामला बन गई है, जिसने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है.

सासाराम में भी ट्रेन में लगी आग

सोमवार सुबह बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर भी उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सासाराम-आरा-पटना रूट पर चलने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई. आग फैलते ही ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. बाद में राहत और बचाव टीमों ने आग पर काबू पा लिया. इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो