Mizoram Railway News: मिजोरम की राजधानी आइजोल जल्द ही भारतीय रेलवे के नक्शे पर अपनी जगह बनाने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने राज्य की जनता को एक ऐतिहासिक तोहफा देने वाले हैं. 13 सितंबर को वो बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिससे आइजोल पहली बार सीधे देशभर से रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा.
इस अहम मौके की जानकारी खुद मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदूहोमा ने साझा की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को आइजोल पहुंचेंगे और रात वहीं गुजारेंगे. अगले दिन यानी 13 सितंबर को पीएम इस रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री ने ये भी बताया कि इस दौरे को लेकर उनकी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी चर्चा हो चुकी है.
ये नई रेल लाइन सबसे पहले मिजोरम की राजधानी आइजोल को असम के सिलचर से जोड़ेगी और वहां से पूरे देश के साथ कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी. इस 51.38 किलोमीटर लंबी रेल परियोजना के तहत कुल 48 सुरंगें (12.8 किमी लंबी), 55 बड़े पुल और 87 छोटे पुल बनाए गए हैं. इनमें से पुल नंबर 196 की ऊंचाई 104 मीटर है, जो दिल्ली के ऐतिहासिक कुतुब मीनार से भी ज्यादा है.
इस रेलवे परियोजना से मिजोरम को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में आसानी होगी. इससे ना सिर्फ राज्य में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी बल्कि पूर्वोत्तर में पर्यटन को भी एक नई दिशा मिलेगी. ये रेल लाइन केंद्र सरकार की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उत्तर-पूर्वी राज्यों में कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार देना है.
मुख्यमंत्री लालदूहोमा ने ये भी कहा कि सैरांग रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके साथ ही यहां से जल्द ही राजधानी एक्सप्रेस सेवा की शुरुआत की जाएगी, जिससे राज्य की राजधानी को देश के बड़े शहरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
इसी के साथ 13 सितंबर का दिन मिजोरम के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है. इस नई रेल लाइन के उद्घाटन के बाद आइजोल भारतीय रेलवे नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएगा और राज्य की विकास यात्रा में एक नया अध्याय लिखेगा.
First Updated : Sunday, 24 August 2025