आज से शुरू होगा मानसून, IMD ने 17 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का रेड अलर्ट किया जारी, जानें दिल्ली-NCR का हाल
देश में आज मानसून की दस्तक होने वाली है. मौसम विभाग ने 17 राज्यों में तूफानी आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है, वहीं केरल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

नई दिल्ली: तप्ती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है. देशभर में मानसून की एंट्री आज हो सकती है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, केरल और तमिलनाडु में कभी भी मानसून पहुंच सकता है. इसके साथ ही अगले 24 घंटे में कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक वाले बादलों का अलर्ट जारी किया गया है.
कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है. राजस्थान में कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी के साथ ओले भी गिर सकते हैं. केरल, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. IMD ने अगले 5 से 7 दिनों में केरल के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है.
केरल में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने केरल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है. भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने, नदियों में उफान और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सीयस के बीच रहने की उम्मीद है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और शाम या रात में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों में सावधानी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदल रहा है. इन राज्यों में बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले गिरने की संभावना है. तेज हवाएं चलने से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बिहार में अभी गर्मी का सितम
दूसरी ओर, बिहार में इस सप्ताह उमस भरी गर्मी और लू का कहर जारी रहने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक सप्ताह के अंत तक कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ सकती है. देश के 17 राज्यों में IMD ने तूफानी आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. तापमान में गिरावट से आम लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.


