नई दिल्ली: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट यानी NEET UG 2026 का री-एग्जाम रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो गया। 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक हुई इस परीक्षा में करीब 23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए। भारत के साथ-साथ रियाद में बने एक विदेशी केंद्र पर भी परीक्षा कराई गई।
छात्रों के फीडबैक के मुताबिक पेपर का कठिनाई स्तर मध्यम था। फिजिक्स सेक्शन सबसे ज्यादा कठिन लगा, जबकि केमिस्ट्री और बायोलॉजी अपेक्षाकृत आसान रही।
कई छात्रों ने कहा कि समय प्रबंधन इस बार अहम रहा क्योंकि NTA ने अतिरिक्त 15 मिनट दिए थे। परीक्षा खत्म होते ही कोचिंग संस्थानों और एजुकेशन पोर्टल्स ने अनऑफिशियल आंसर की जारी कर दी, जिससे छात्र अपने संभावित स्कोर का अंदाजा लगा सकते हैं।
अगर आप अपना स्कोर चेक करना चाहते हैं तो अलग-अलग एजुकेशन साइट्स पर जाकर री-NEET अनऑफिशियल आंसर की PDF डाउनलोड कर सकते हैं। PDF खोलने के बाद अपने जवाबों से मिलान करें और नेगेटिव मार्किंग के हिसाब से स्कोर कैलकुलेट करें। यह सिर्फ एक अनुमान है, फाइनल स्कोर ऑफिशियल आंसर की के आधार पर ही तय होगा।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के 28 जून तक ऑफिशियल आंसर की जारी करने की संभावना है। उम्मीदवार neet.nta.nic.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकेंगे। अगर किसी सवाल या जवाब पर आपत्ति हो तो लॉगिन करके आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए एप्लिकेशन नंबर और जन्म तिथि की जरूरत होगी।
आपत्ति दर्ज करते समय सही जवाब के साथ सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट अपलोड करना होगा और निर्धारित फीस जमा करनी होगी। NTA सभी आपत्तियों की जांच के बाद फाइनल आंसर की और रिजल्ट तैयार करेगा।
NEET UG री-एग्जाम 2026 का रिजल्ट जुलाई के आखिरी हफ्ते तक आने की उम्मीद है। रिजल्ट जारी होने पर छात्र ऑफिशियल वेबसाइट पर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद मेडिकल काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें ऑल इंडिया कोटा और स्टेट कोटा दोनों शामिल हैं।
इस बार परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए NTA ने 1.38 लाख से ज्यादा CCTV कैमरे और 51 हजार से अधिक सिग्नल जैमर लगाए थे। अधिक जानकारी और अपडेट के लिए उम्मीदवारों को सलाह है कि वे सिर्फ neet.nta.nic.in पर ही भरोसा करें। First Updated : Sunday, 21 June 2026