निकिता मर्डर केस: एक्स-बॉयफ्रेंड ने मौत के बाद लूटा बैंक अकाउंट, बहन ने किया बड़ा खुलासा
अमेरिका में तेलुगू युवती निकिता की संदिग्ध हत्या केस में चौंकाने वाला खुलासा. 27 साल की निकिता गोदीशाला, जो मैरीलैंड में डेटा एनालिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं, की क्रूर हत्या का अब बड़ा राज सामने आया है.

नई दिल्ली: अमेरिका में निकिता की संदिग्ध हत्या के मामले ने अब गंभीर और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है. जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद मृतका के एक्स बॉयफ्रेंड ने न सिर्फ देश छोड़कर भागने की कोशिश की, बल्कि उससे पहले उसके बैंक खाते से बड़ी रकम भी निकाल ली. इस हाई-प्रोफाइल मामले में भारत और अमेरिका की एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं.
मामले के आरोपी 26 वर्षीय अर्जुन शर्मा को सोमवार, 5 जनवरी 2025 को तमिलनाडु से इंटरपोल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि अर्जुन ने अमेरिका से भारत भागने से पहले मृतका के खाते से करीब 3.16 लाख रुपये (3,500 डॉलर) निकाल लिए थे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है.
मैरीलैंड में दर्ज हुई थी गुमशुदगी
अमेरिका के मैरीलैंड में रहने वाली 27 वर्षीय डाटा एनालिस्ट निकिता गोडिशाला की 2 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अर्जुन शर्मा ने हॉवर्ड काउंटी पुलिस को बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर, नए साल की पूर्व संध्या पर देखा था.
हैरानी की बात यह रही कि शिकायत दर्ज कराने के कुछ ही घंटों बाद अर्जुन ने अमेरिका छोड़कर भारत के लिए उड़ान भर ली. इसी घटनाक्रम ने पुलिस और जांच एजेंसियों के शक को और गहरा कर दिया.
बैंक खाते से निकाले गए 3,500 डॉलर
मामले में एक अहम खुलासा तब हुआ, जब निकिता की बहन सरस्वती ने अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया कि अर्जुन ने भागने से पहले निकिता के बैंक खाते से अनधिकृत रूप से 3,500 डॉलर ट्रांसफर किए. सरस्वती के अनुसार, दिसंबर के अंत में अर्जुन ने आर्थिक मदद मांगी थी. उन्होंने और निकिता ने उसे पैसे उधार दिए थे, लेकिन बाद में मामला बिगड़ गया.
पहले भी मांगी थी आर्थिक मदद
सरस्वती ने बताया कि उन्होंने अर्जुन को कुल 4,500 डॉलर उधार दिए थे, जिनमें से उसने केवल 3,500 डॉलर लौटाए थे. इसके बाद 2 जनवरी को अर्जुन ने उनसे फिर से 1,000 डॉलर की मांग की, जिसे उन्होंने साफ तौर पर मना कर दिया था. इसके कुछ ही समय बाद निकिता की गुमशुदगी और फिर हत्या का मामला सामने आया, जिसने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बना दिया.
भारत-अमेरिका की एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
इस केस में अमेरिकी संघीय एजेंसियों और भारतीय अधिकारियों ने मिलकर कार्रवाई की. तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपी अर्जुन शर्मा की मौजूदगी तमिलनाडु में पाई गई, जिसके बाद इंटरपोल की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. मामले में पैसों के लेन-देन और हत्या के एंगल की गहन जांच की जा रही है.


