नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने के बाद राघव चड्ढा समेत तीन राज्यसभा सांसद अब भाजपा में शामिल हो गए हैं. शुक्रवार को तीनों नेताओं ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर सभी का अभिनंदन किया.
राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने पार्टी छोड़ने के कुछ घंटों बाद ही भाजपा मुख्यालय पहुंचे. वहां नितिन नवीन ने तीनों सांसदों से मुलाकात की और उन्हें मिठाई खिलाई. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी नए सदस्यों का जोरदार स्वागत किया.
राघव चड्ढा ने इस मौके पर कहा कि वे अब भाजपा के साथ मिलकर देश की सेवा करेंगे. उन्होंने AAP को छोड़ने का फैसला सही बताया और कहा कि वे जनता के करीब रहना चाहते हैं.
राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा के 10 सांसदों में से 7 भाजपा में शामिल हो रहे हैं. चड्ढा ने कहा, “संविधान के अनुसार किसी पार्टी के कुल सांसदों में से दो-तिहाई सांसद दूसरी पार्टी में विलय कर सकते हैं. हमने इस संबंध में राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को पत्र सौंप दिया है और सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए हैं.”
राघव चड्ढा के साथ भाजपा में शामिल होने वाले अन्य AAP राज्यसभा सदस्यों में शामिल हैं:
हरभजन सिंह (पूर्व क्रिकेटर)
राजेंद्र गुप्ता
विक्रम साहनी
स्वाति मालीवाल
इस बड़े दलबदल से आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. खासकर पंजाब और दिल्ली की राजनीति में इसका असर देखने को मिल सकता है.
बता दें, यह घटनाक्रम अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हुआ है. राघव चड्ढा को AAP की पिछली जीत में अहम भूमिका निभाने वाला नेता माना जाता था. अब उनके भाजपा में शामिल होने से सियासी समीकरण बदल सकते हैं.
भाजपा की ओर से तीनों सांसदों का भव्य स्वागत किया गया. नितिन नवीन ने कहा कि ये नेता अब भाजपा परिवार का हिस्सा हैं और देशहित में काम करेंगे. First Updated : Friday, 24 April 2026