कौन है प्रियंका सेनापति? ज्योति मल्होत्रा के बाद अब इस यूट्यूबर पर पाकिस्तानी जासूस होने का आरोप

जासूसी के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद अब ओडिशा की ट्रैवल व्लॉगर प्रियंका सेनापति भी जांच के दायरे में आ गई हैं. प्रियंका की पाकिस्तान के करतारपुर कॉरिडोर की यात्रा और ज्योति से करीबी रिश्तों के चलते सुरक्षा एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं. पुरी के एसपी विनीत अग्रवाल ने जांच की पुष्टि की है.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद अब एक और यूट्यूबर का नाम सामने आया है. ओडिशा की ट्रैवल व्लॉगर प्रियंका सेनापति को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. पाकिस्तान की यात्रा और ज्योति मल्होत्रा से करीबी संबंधों के चलते अब प्रियंका से भी पूछताछ की जा रही है.

करतारपुर कॉरिडोर की यात्रा बनी शक की वजह

ओडिशा के पुरी की रहने वाली प्रियंका सेनापति कुछ महीने पहले पाकिस्तान के करतारपुर गई थीं. इसके बाद अब एजेंसियां उसके पाकिस्तान कनेक्शन और ज्योति मल्होत्रा से नजदीकी रिश्तों की जांच कर रही हैं. हालांकि प्रियंका ने खुद को निर्दोष बताते हुए जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है.

पुलिस की नजर में प्रियंका सेनापति

पुरी के एसपी विनीत अग्रवाल ने पुष्टि की है कि प्रियंका सेनापति से जुड़े सभी एंगल्स से जांच की जा रही है. खासतौर पर ज्योति मल्होत्रा और प्रियंका की दोस्ती, करतारपुर यात्रा और उनकी मुलाकातों को लेकर एजेंसियां छानबीन कर रही हैं.

प्रियंका की सफाई – 'ज्योति सिर्फ दोस्त थी'

प्रियंका सेनापति ने इस मामले में अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए सफाई दी है. उन्होंने लिखा:
"ज्योति मेरी सिर्फ एक दोस्त थी और मैं यूट्यूब के जरिए उसके संपर्क में आई थी. मुझे ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं थी जिसका उस पर आरोप लगाया गया है. अगर मुझे पता होता कि वह दुश्मन पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही है तो मैं उसके संपर्क में नहीं होती. अगर कोई जांच एजेंसी मुझसे पूछताछ करना चाहती है तो मैं पूरा सहयोग करूंगी. राष्ट्र सर्वोपरि है. जय हिंद."

कौन हैं प्रियंका सेनापति?

प्रियंका सेनापति एक यूट्यूबर और ट्रैवल व्लॉगर हैं, जो ओडिशा के पुरी से हैं. उनके यूट्यूब चैनल Prii\_vlogs पर 14,600 सब्सक्राइबर्स हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर 20,000 फॉलोअर्स हैं. वह भारत के विभिन्न हिस्सों की यात्रा कर वीडियो बनाती हैं.

पाकिस्तान यात्रा और वीडियो

25 मार्च को प्रियंका ने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान की यात्रा से जुड़े वीडियो पोस्ट किए थे. इन वीडियो के टाइटल थे, 'पाकिस्तान में ओडिया गर्ल', 'करतारपुर कॉरिडोर गाइड' और 'पाकिस्तान से ओडिया व्लॉग'.यह वीडियो अब एजेंसियों की नजर में हैं.

ज्योति के साथ रहा है करीबी रिश्ता

जांच में सामने आया है कि सितंबर 2024 में जब ज्योति मल्होत्रा पुरी आई थीं, तब वह प्रियंका सेनापति के घर भी गई थीं. प्रियंका ने खुद ज्योति को जगन्नाथ मंदिर भी दिखाया था. हालांकि प्रियंका के पिता ने मीडिया को बताया कि उन्हें नहीं पता कि ज्योति पुरी में कहां ठहरी थी.

अभी नहीं हुई गिरफ्तारी, जांच जारी

फिलहाल प्रियंका सेनापति गिरफ्तार नहीं हुई हैं और अपने पुरी स्थित घर में हैं. उनके पिता ने बताया कि इंटेलिजेंस ब्यूरो ने उनसे और प्रियंका से पूछताछ की है, जिसमें दोनों यूट्यूबर्स की पाकिस्तान यात्रा और रिश्तों को लेकर जानकारी ली गई है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag