भीषण गर्मी से तपेगा उत्तर भारत, दिल्ली में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा, 26 मई तक केरलम में दस्तक देगा मानसून
देश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज लू का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे दिन में बाहर निकलना चुनौती बन सकता है.

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में गर्मी अब और ज्यादा परेशान करने वाली साबित हो सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भीषण लू का असर लगातार बना रह सकता है. आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.
राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 24 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. कई राज्यों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है. अनुमान के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक राजधानी में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. मौसम विभाग ने यह भी आशंका जताई है कि अगले तीन दिनों के दौरान दिल्ली का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इन राज्यों में चलेगी भीषण लू
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 24 मई तक लू चलने की संभावना है. वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मंगलवार से 24 मई के बीच भीषण लू की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी अलग-अलग तारीखों पर लू चलने की आशंका जताई गई है.
छत्तीसगढ़ और बिहार में भी बढ़ेगा तापमान
छत्तीसगढ़ में 21 मई तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं बिहार और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में मंगलवार से 21 मई के बीच लू का असर देखने को मिल सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 20 से 24 मई तक गर्म हवाओं और भीषण गर्मी जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है.
26 मई के आसपास केरलम पहुंचेगा मानसून
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी राहतभरी खबर दी है. विभाग ने सोमवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई के आसपास केरलम पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के आगमन का समय 26 मई से चार दिन पहले या बाद में भी हो सकता है. अगले पांच दिनों के दौरान केरल और माहे के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.


