भारत-पाक सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण होते जा रहे हैं. केंद्र सरकार ने कहा कि पाकिस्तान ने 1999 के करगिल युद्ध के बाद पहली बार अपनी सेना को अग्रिम मोर्चों पर तैनात करना शुरू किया है. वहीं, भारत ने स्पष्ट किया है कि देश की सेनाएं पूरी तरह सतर्क हैं और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं. सरकार के अनुसार, पाकिस्तान ने भारत के 4 राज्यों- जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात में 26 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए 'ऑपरेशन बुनयान उल मरसूस' की शुरुआत की. इसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान के 4 प्रमुख एयरबेस पर सटीक हमला किया.
शनिवार की सुबह पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन बुनयान उल मरसूस’ के तहत भारत के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इस ऑपरेशन का नाम कुरान की एक आयत से लिया गया है, जिसका मतलब है– अटूट दीवार. पाकिस्तान ने इस हमले में ड्रोन, लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार, लोइटरिंग म्युनिशन और फाइटर जेट्स का इस्तेमाल किया.
सरकार की ओर से जानकारी साझा करते हुए विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान की सेना की ये गतिविधि युद्ध की आक्रामक मंशा को दर्शाती है. कर्नल कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना को अग्रिम मोर्चों की ओर बढ़ते देखा गया है. हालांकि, भारतीय सशस्त्र बल पूरी तरह से ऑपरेशनल रेडीनेस की स्थिति में हैं और सभी दुश्मन गतिविधियों का प्रभावी रूप से जवाब दिया गया है.
सरकार ने पुष्टि की है कि भारत ने पाकिस्तान के 4 अहम एयरबेस पर सटीक हमले किए हैं. इन हमलों को भारतीय वायुसेना ने अंजाम दिया है. ये कार्रवाई पाकिस्तान के हमले के जवाब में की गई है और इससे ये स्पष्ट संदेश गया है कि भारत किसी भी प्रकार की सैन्य उकसावे की कार्रवाई को चुपचाप नहीं सहेगा.
सरकार ने ये भी कहा कि भारतीय सेना किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है. सभी मोर्चों पर निगरानी तेज कर दी गई है. सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान ना दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें. First Updated : Saturday, 10 May 2025