76th Republic Day 2025: आज भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ था और तभी से यह दिन भारत के लोकतांत्रिक आदर्शों और उसकी विविधता को सम्मानित करने का प्रतीक है. इस खास अवसर पर राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड आयोजित की जा रही है। परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य शक्ति और विकासशील प्रगति की झलक देखने को मिलेगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी और देश को संबोधित करेंगी.
दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा, जारी हुई ट्रैफिक एडवाइजरी
आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस द्वारा जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. हौज खास इलाके में विशेष जांच अभियान देखा गया, जबकि दिल्ली की सीमाओं पर वाहनों के प्रवेश को शनिवार शाम से ही प्रतिबंधित कर दिया गया. दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को रास्तों में बदलाव और प्रतिबंधों की जानकारी दी है.
शराब बिक्री पर प्रतिबंध
वहीं आपको बता दें कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी की सभी 87 शराब दुकानें और 90 होटल बार आज बंद रहेंगे. आबकारी विभाग ने इस बारे में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं, जिसमें शराब की बिक्री, संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाई गई है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया प्रेरणादायक संदेश
बताते चले कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''भारत को प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक के रूप में ज्ञान और विवेक का उद्गम माना गया है, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब देश को अंधकारमय दौर से गुजरना पड़ा.'' उन्होंने देशवासियों को एकजुटता और प्रगति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया.
विदेशी मेहमान - इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का स्वागत
बता दें कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुबियांतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत करते हुए गर्व व्यक्त किया.
भीमगढ़ किले पर तिरंगा रोशन
इसके अलावा आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित ऐतिहासिक भीमगढ़ किले को तिरंगे के रंगों में रोशन किया गया. यह अद्भुत दृश्य ड्रोन के माध्यम से कैद किया गया.